जलजमाव से प्रभावित कास्त खर्रा गांव पहुंची जिला परिषद सदस्य खोशी देवी, समस्याएं सुन स्वास्थ्य शिविर व जल निकासी के दिए निर्देश

SHARE:

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ (किशनगंज)।

प्रखंड क्षेत्र की चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या-5 स्थित कास्त खर्रा गांव में विगत दिनों लगातार हुई बारिश के कारण जलजमाव की समस्या का जायजा लेने क्षेत्र संख्या-2 की जिला परिषद सदस्य खोशी देवी गुरुवार को गांव पहुंचीं। उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा प्रशासनिक अधिकारियों से शीघ्र राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित कराने का आश्वासन दिया।

ग्रामीणों में विजय कुमार मंडल, रतन कुमार,मु. ललिता देवी, सगीर आलम ने बताया कि लगातार बारिश से पूरा गांव जलमग्न हो गया, जिससे कई घरों और आंगनों में पानी भर गया तथा खेतों में लगी फसलें भी प्रभावित होकर सड़ने लगीं।

लोगों ने आरोप लगाया कि पहले से बने कई नालों और मुख्य सड़क की कलवर्ट-पुलियों को कुछ लोगों द्वारा अवरुद्ध कर दिए जाने के कारण वर्षा का पानी बाहर नहीं निकल सका, जिससे जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हुई।मौके पर पंचायत समिति सदस्य परवेज आलम ने ग्रामीणों के सहयोग से वैकल्पिक व्यवस्था के तहत कच्ची सड़क की कटाई कर जल निकासी की पहल की। इसके बाद धीरे-धीरे गांव से पानी निकलना शुरू हो गया।


दौरे के दौरान जिला परिषद सदस्य ने प्रभावित गरीब परिवारों एवं बच्चों के बीच बिस्किट का वितरण किया। उन्होंने टेढ़ागाछ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी से संपर्क कर गांव में स्वास्थ्य टीम भेजने, स्वास्थ्य जांच कराने, आवश्यक दवाइयों का वितरण कराने तथा ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची और लोगों की स्वास्थ्य जांच कर दवाइयों का वितरण किया। बीमारियों की रोकथाम के लिए प्रभावित क्षेत्रों में ब्लीचिंग पाउडर भी उपलब्ध कराया गया। ग्रामीणों ने जनप्रतिनिधियों द्वारा त्वरित पहल की सराहना करते हुए स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!