द बर्निंग बाइक, चलते-चलते आग का गोला बनी पल्सर, मची अफरा-तफरी

SHARE:

कटिहार/संवाददाता

अगर आप भी इस प्रचंड गर्मी में अपनी बाइक धूप में घंटों खड़ी रखते हैं, तो यह खबर आपके लिए चेतावनी है। कटिहार में भीषण गर्मी के बीच एक पल्सर बाइक अचानक आग का गोला बन गई और शहीद चौक ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी मच गई। मिरचाईबाड़ी निवासी इकलाख आलम अपने साथी शाहनवाज आलम के साथ बाइक से शहीद चौक की ओर जा रहे थे।

तभी बाइक के इंजन के पास अचानक स्पार्क हुआ। पहले हल्का धुआं निकला लेकिन कुछ ही सेकंड में आग की लपटों ने पूरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। सड़क पर दौड़ती बाइक को जलता देख दोनों युवकों के होश उड़ गए। उन्होंने फौरन बाइक छोड़कर अपनी जान बचाई। बीच सड़क पर धू-धू कर जलती बाइक को देखकर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई।

कुछ देर के लिए ओवरब्रिज पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही यातायात पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी और संभावित शॉर्ट सर्किट की वजह से यह हादसा हुआ। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ लेकिन कुछ ही मिनटों में बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई। फिलहाल “द बर्निंग बाइक” पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई