मुख्यमंत्री संबल योजना को लेकर ठाकुरगंज में जागरूकता बैठक, दिव्यांगजनों को दी गई सरकारी योजनाओं की जानकारी

SHARE:


ठाकुरगंज, किशनगंज/मो मुर्तुजा

मंगलवार को ठाकुरगंज प्रखंड मुख्यालय परिसर स्थित कौशल विकास सभागार में मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण संबल योजना के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता के उद्देश्य से दिव्यांगजनों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अहमर अब्दाली ने की।


जागरूकता कार्यक्रम में एसोसिएशन ऑफ पर्सन्स विद डिसेबिलिटी, पटना के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष हरदेव प्रसाद ने भी भाग लिया। प्रखंड की विभिन्न पंचायतों से आए दिव्यांगजनों को संबल योजना के तहत मिलने वाले लाभों की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान बैटरी चालित ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, स्मार्ट केन, श्रवण यंत्र, चश्मा, कृत्रिम हाथ-पैर सहित अन्य सहायक उपकरण प्राप्त करने की सरकारी प्रक्रिया से अवगत कराया गया।


बीडीओ अहमर अब्दाली ने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं सुदूरवर्ती क्षेत्रों के पात्र दिव्यांगजनों को योजनाओं से जोड़कर उनका सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण सुनिश्चित करना है।
बैठक के उपरांत उपस्थित लोगों ने ‘स्वच्छ गाँव, सुरक्षित जलवायु अभियान’ के तहत स्वच्छता की शपथ ली तथा अपने-अपने गांव और टोले को प्लास्टिक मुक्त बनाने का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी सुधाकर कुमार, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अवधेश कुमार शर्मा, सभी पंचायतों के पंचायत सेवक, विकास मित्र एवं बड़ी संख्या में दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई