टेढ़ागाछ/विजय कुमार साह
प्रखंड क्षेत्र की कालपीर एवं झुनकी मुसहारा पंचायत सरकार भवन में मंगलवार को आयोजित सहयोग शिविर में ग्रामीणों की विभिन्न समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट निष्पादन किया गया। शिविर में प्रशासन की ओर से विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए थे, जहां लोगों से आवेदन प्राप्त कर त्वरित समाधान की प्रक्रिया अपनाई गई। इस दौरान 100 से अधिक मामलों का निष्पादन किया गया।
शिविर में डायरेक्टर शशिम सौरभ मणि के साथ बीडीओ अजय कुमार, सीओ शशि कुमार, राजस्व अधिकारी प्रिंस कुमार, आपूर्ति पदाधिकारी विजय विश्वास, कृषि पदाधिकारी मो. आदिल अनवर, कल्याण पदाधिकारी संजीव कुमार एवं थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर आम लोगों की समस्याओं के शीघ्र समाधान का निर्देश दिया।
ग्रामीणों ने राशन कार्ड, भूमि विवाद, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, कृषि योजनाओं एवं आंगनबाड़ी सेवाओं से संबंधित आवेदन जमा किए। कालपीर पंचायत में कुल 75 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 55 का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। वहीं झुनकी मुसहारा पंचायत में 45 आवेदन मिले, जिनमें 28 मामलों का त्वरित समाधान किया गया।
झुनकी मुसहारा शिविर में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी आदित्य कुमार सिंह, डीएसपी बिरजू पासवान, बीपीआरओ विवेक भारती, श्रम परिवर्तन पदाधिकारी अनिल कुमार एवं सीडीपीओ निसा कुमारी सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे। दोनों पंचायतों में मेडिकल कैंप लगाकर ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयों का वितरण भी किया गया।
अधिकारियों ने बताया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से ऐसे सहयोग शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इस पहल से ग्रामीणों में उत्साह और संतोष देखा गया।























