किशनगंज में लापता नाबालिग का शव बरामद,परिजनों ने सदर अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने जमकर किया हंगामा

SHARE:

13 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव संदिग्ध स्थिति में शिवगंगा घाट से बरामद,गत 28 मई से थी लापता

सागर चंद्रा/किशनगंज


शहर के डुमरिया भट्टा से लापता 13 वर्षीय नाबालिग लड़की का शव शिवगंगा घाट मझिया पुल के समीप से बरामद होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सोमवार शाम नदी किनारे गये स्थानीय लोगों की नजर सर्वप्रथम शव पर पड़ी। लोगों के द्वारा शोर मचाने पर मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ इकट्ठी हो गई।

भीड़ ने शव की शिनाख्त डुमरिया भट्टा निवासी लक्ष्मण साह की 13 वर्षीय भांजी मेनका कुमारी के रूप में की। शव बरामदगी की सूचना पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए और दहाड़ मारकर रोने लगे। इस बीच शव बरामदगी की सूचना के बाद टाउन थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी। एफएसएल की टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।


शव के सदर अस्पताल पहुंचने के बाद अस्पताल प्रशासन ने तकनीकी कारणों से शव का पोस्टमार्टम मंगलवार सुबह करने की बात कही। जिससे परिजनों का ग़ुस्सा भड़क गया। परिजनों के साथ स्थानीय लोग अस्पताल के मुख्य द्वार के सामने धरने पर बैठ गए और अस्पताल प्रशासन के साथ साथ पुलिस पर जांच में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। लोगों ने पुलिस पदाधिकारियों के साथ धक्का मुक्की भी की।

घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम अनिकेत कुमार और एसडीपीओ वन खुसरू सिराज दल बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। प्रशासन की पहल पर सोमवार रात शव का पोस्टमार्टम भी कर दिया गया।


एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले के सभी बिंदुओं की बारिकी से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मेनका के मौत की रहस्यों से पर्दा उठ सकेगा। जांच में पुलिस की लापरवाही उजागर होने पर संबंधित के विरुद्ध भी कार्रवाई की जायेगी।


बताते चलें कि गत 28 मई की शाम मेनका घर से घूमने के लिए निकली थी। लेकिन इसके बाद वह लापता हो गई थी। घटना के बाद परिजनों ने आस-पड़ोस के साथ साथ रिश्तेदारों के घर भी उसकी तलाश की। लेकिन उसे ढ़ूंढ़ निकालने में नाकाम रहे। मेनका विगत कई दिनों से डुमरिया भट्टा निवासी मामा लक्ष्मन कुमार साह के घर रहती थी। घटना के बाद परिजन के लिखित शिकायत पर टाउन थाने में केस दर्ज कर पुलिस मेनका की तलाश में जुट गई थी। लेकिन सोमवार शाम उसका शव बरामद किया गया।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई