किशनगंज /बहादुरगंज/निशांत
चोरी की नियत से घर में घुसे एक युवक को गृह स्वामी द्वारा पकड़ कर पुलिस के हवाले किए जाने का मामला प्रकाश में आया है।पूरा मामला जिले के बहादुरगंज नगर क्षेत्र के वार्ड संख्या-09 का है कहा विशेश्वर प्रसाद साह के घर में दो युवक चोरी की नियत से घुसे थे लेकिन उनकी किस्मत दगा दे गई।पीड़ित गृहस्वामी विशेश्वर प्रसाद साह ने बताया कि सोमवार को वह अपने पूरे परिवार के साथ इलाज के सिलसिले में किशनगंज गए हुए थे।
शाम को घर लौटने पर उन्होंने देखा कि घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा है। इसी दौरान घर के एक कोने में छिपे एक युवक पर उनकी नजर पड़ी। शक होने पर उन्होंने उसे पकड़ लिया और पूछताछ की।पकड़ा गया युवक दीपू कुमार बसाक बमभोला चौक, वार्ड संख्या-09 का निवासी है।
आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथी तबरेज आलम के साथ घर का वेंटिलेटर तोड़कर रस्सी के सहारे अंदर घुसा था और चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। इसी बीच घर का ताला खुलने की आवाज सुनकर उसका साथी चोरी किए गए कुछ सामान के साथ मौके से फरार हो गया।गृहस्वामी ने पुलिस को बताया कि चोरों ने घर से चांदी की एक जोड़ी पायल, एक सोने का लॉकेट, सोने-चांदी के अन्य जेवरात तथा करीब 7 से 10 हजार रुपये नकद की चोरी की है।
मामले को लेकर बहादुरगंज थानाध्यक्ष दिलशाद खान ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी दीपू कुमार बसाक के पास से चोरी की राशि में से 2,200 रुपये नकद और सोने का एक जोड़ा कंगन बरामद किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।थानाध्यक्ष ने बताया कि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।























