टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित बीडीओ कार्यालय कक्ष में सोमवार को स्वच्छ गांव, सुरक्षित जलवायु अभियान को सफल बनाने को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अजय कुमार ने की। बैठक में प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी, पंचायत सचिव, स्वच्छता पर्यवेक्षक एवं संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान बीडीओ अजय कुमार ने अभियान के उद्देश्यों एवं इसकी महत्ता पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
गांवों को स्वच्छ बनाने तथा जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है।उन्होंने पंचायत स्तर पर स्वच्छता गतिविधियों को तेज करने, कचरा प्रबंधन व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने, सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई कराने तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया। साथ ही जल संरक्षण, पौधारोपण, प्लास्टिक मुक्त वातावरण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत सचिवों एवं स्वच्छता पर्यवेक्षकों को अभियान के तहत निर्धारित कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा गया। अधिकारियों ने विभिन्न पंचायतों में चल रही स्वच्छता योजनाओं की प्रगति की जानकारी भी साझा की तथा अभियान को जनआंदोलन का रूप देने पर जोर दिया। बीडीओ अजय कुमार ने कहा कि स्वच्छ गांव और सुरक्षित जलवायु का लक्ष्य तभी प्राप्त किया जा सकता है जब प्रशासन और आमजन मिलकर जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को अभियान के प्रति गंभीरता एवं सक्रियता के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पंचायत में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए।
बैठक के अंत में अभियान की सफलता के लिए समन्वित प्रयास करने तथा निर्धारित कार्यों को समय पर पूरा करने का संकल्प लिया गया।



























