कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का फारबिसगंज में हुआ जोरदार स्वागत,भाजपा पर साधा निशाना

SHARE:

अररिया/बिपुल विश्वास

बिहार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश राम का फारबिसगंज आगमन पर विधायक मनोज विश्वास के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भव्य एवं जोरदार स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। पूरे क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उत्साह का माहौल देखने को मिला।


इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा समाज में भाईचारे को कमजोर कर लोगों को आपस में लड़ाने की राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के नाम पर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के माध्यम से बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश की जा रही है, जो लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता के अधिकारों और लोकतंत्र की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष कर रही है। साथ ही उन्होंने बताया कि पार्टी द्वारा चलाए जा रहे ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत पूरे बिहार में संगठन को मजबूत बनाने के लिए ऑनलाइन सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है।

राजेश राम ने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और पार्टी की नीतियों तथा विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि कांग्रेस आने वाले समय में और अधिक मजबूती के साथ जनता के बीच अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी।कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। स्वागत समारोह के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!