पोखर में डूबने से 4 वर्षीय मासूम की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

SHARE:

हसनगंज /कटिहार – प्रखंड क्षेत्र के कालसर पंचायत के ऋषि टोल गोदैया गांव में एक दर्दनाक हादसे में पोखर में डूबने से 4 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार ऋषि टोल गोदैया निवासी मानिकचंद ऋषि का पुत्र अजीत कुमार (4) गांव के कुछ अन्य बच्चों के साथ घर के समीप स्थित पोखर में स्नान करने गया था।

स्नान के दौरान वह खेलते-खेलते गहरे पानी में चला गया और डूब गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जिसके बाद उसकी खोजबीन शुरू की गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण पोखर की ओर दौड़े। खोजबीन के दौरान मासूम का शव पोखर के बीच पानी में तैरता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों की मदद से बच्चे को बाहर निकालकर घर लाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना के बाद मृतक की मां सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक के दादा बिमल ऋषि ने बताया कि उनका पोता स्नान करने के दौरान पोखर में डूब गया जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं पूर्व समिति प्रतिनिधि सदानंद तिर्की एवं समाजसेवी श्रीलाल उरांव ने बताया कि अजीत गांव के अन्य बच्चों के साथ पोखर में नहाने गया था। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया। जब काफी देर तक वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने खोजबीन शुरू की।

बाद में जानकारी मिली कि वह पोखर में डूब गया है। ग्रामीणों ने उसे पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

घटना की सूचना मिलने पर हसनगंज पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन मृतक के परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। ग्रामीणों ने प्रशासन से जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा बच्चों को ऐसे स्थानों से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई