अनियंत्रित हाइवा ने साइकिल सवार को कुचला,मौत के बाद एनएच-31 जाम

SHARE:

समेली /कटिहार- समेली प्रखंड अंतर्गत पोठिया थाना क्षेत्र के डूमर चौक स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-31 पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजनों एवं ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर लगभग तीन घंटे तक एनएच-31 को जाम कर दिया तथा आगजनी कर प्रदर्शन किया। मृतक की पहचान बरारी थाना क्षेत्र के मरघिया गांव निवासी मोहम्मद लतीफ (50) के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार मोहम्मद लतीफ रविवार सुबह अपनी मक्का की फसल बेचकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान डूमर चौक स्थित श्री श्याम धर्म कांटा के समीप कुरसेला की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए।

आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रखकर एनएच-31 को दोनों ओर से जाम कर दिया तथा टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान यातायात पूरी तरह बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाम हटाने पहुंची पुलिस की 112 आपातकालीन सेवा वाहन को भी उग्र ग्रामीणों ने धक्का देकर सड़क किनारे गड्ढे में उतार दिया। स्थिति को देखते हुए पोठिया थाना के साथ-साथ कुरसेला, फलका एवं कोढ़ा थाना की पुलिस को मौके पर बुलाया गया।

करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने परिजनों से वार्ता कर सरकारी प्रावधानों के तहत सहायता एवं मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक एवं आक्रोश का माहौल है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वही पोठिया थाना अध्यक्ष नवीन कुमार ने बताया डुमर राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हों गई। वही हाईवा ट्रक के चालक को गिरफ्तार किया गया है। जबकि हाईव ट्रक को जप्त किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेजा गया है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई