सुबह चार बजे हुई कार्रवाई से इलाके में मचा हड़कंप, दिनभर चर्चाओं का बाजार गर्म
पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
किशनगंज जिले के पोठिया थाना क्षेत्र अंतर्गत मिर्जापुर पंचायत के जनता हाट में शुक्रवार की अहले सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की कार्रवाई से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सुबह करीब चार बजे भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पहुंची टीम ने जनता हाट निवासी मनोज रविदास, पिता लखन रविदास के घर पर छापेमारी की। कार्रवाई में एनएसजी और अन्य सुरक्षा बलों के जवान भी शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तड़के अचानक बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों के पहुंचने से पूरे गांव में अफरा तफरी का माहौल बन गया। जवानों ने घर और आसपास के क्षेत्र की गहन जांच की। कार्रवाई कई घंटों तक चली, जिसके बाद मनोज रविदास को टीम अपने साथ लेकर चली गई। सूत्रों की मानें तो युवक के मोबाइल से कई संदिग्ध बातचीत का खुलासा हुआ है
ग्रामीणों के बीच चर्चा है कि जांच एजेंसियों को कुछ संदिग्ध कॉल रिकॉर्डिंग और बातचीत से जुड़े इनपुट मिले थे, जिनके सत्यापन के लिए यह कार्रवाई की गई। हालांकि इस संबंध में किसी भी एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
जानकारी के अनुसार मनोज रविदास जनता हाट में चप्पल की दुकान चलाता है, जबकि उसके पिता लखन रविदास खेती और मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। अचानक हुई इस कार्रवाई के बाद परिवार के सदस्य और आसपास के लोग हैरान नजर आए।
छापेमारी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।जिसके बाद चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। लोगों की निगाहें अब जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई और आधिकारिक बयान पर टिकी हुई हैं।
फिलहाल NIA अथवा जिला प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। मामले को लेकर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क बताई जा रही हैं।युवक को NIA की टीम किशनगंज सर्किट हाउस लेकर पहुंची है जहां बंद कमरे में अधिकारी उससे पूछताछ कर रहे हैं।






















