किशनगंज की मिठाई दुकानों में भारी अनियमितता,ग्राहकों के स्वास्थ्य से खिलवाड़

SHARE:

मिठाई दुकानों की जांच के बाद होगी कारवाई: डीएम

दुकानदारों ने खुद माना हुई है चूक

महामाया द्वारा साफ सफाई के साथ साथ गुणवत्ता का रखा जा रहा है ध्यान

राजेश दुबे /किशनगंज

भारतीय परंपरा में खुशी का हर मौका चाहे शादी-ब्याह हो, त्योहार हो या घर में मेहमानों का आगमन मिठाई से स्वागत करना एक अहम हिस्सा रहा है,घर पहुंचे मेहमानों का मुंह मीठा हम जरूर करवाते है,लेकिन मेहमानों को परोसी गई या भगवान को समर्पित मिठाई अगर खराब निकले तो सोचे जरा कैसा महसूस होगा।दरअसल किशनगंज जिले में कुछ ऐसा ही हो रहा है । जहां मिठाई दुकान में रखी मिठाइयां मिठास से अधिक सेहत पर भारी भारी पड़ती नजर आ रही है।

शहर के विभिन्न इलाकों में संचालित दर्जनों मिठाई दुकानों का जायजा लिया गया, तो कई चौंकाने वाली तस्वीरें सामने आईं। खाद्य सुरक्षा के नियमों के अनुसार हर मिठाई के सामने खराब होने की तिथि का उल्लेख करना अनिवार्य है, लेकिन अधिकांश दुकानों में इसका नामो-निशान तक नहीं था। यह उपभोक्ता अधिकारों का सीधा उल्लंघन है।

दुकानों में साफ-सफाई की स्थिति भी बेहद चिंताजनक पाई गई। कई जगहों पर मिठाइयां खुले में रखी हुई थीं, जिन पर धूल और मक्खियों का खतरा साफ देखा जा सकता था। कर्मचारी बिना मास्क और ग्लव्स के ही मिठाइयों को संभालते नजर आए, जो सीधे तौर पर लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ है। जानकारों की माने तो दुकानदारों के द्वारा जिस कलर और सेंट का उपयोग किया जाता है वो अगर सही नहीं हो तो स्वास्थ्य पर इसका बड़ा असर पड़ता है।बताते चले कि शहर में बंगाल के मालदा ,रायगंज से खोया और छेना की आपूर्ति होती है जिसकी शुद्धता पर भी शहर वासियों ने प्रश्न चिन्ह खड़ा किया है।

जब इस संबंध में दुकानदारों से बात की गई और उनसे नियमों की अनदेखी पर सवाल पूछे गए, तो उनके जवाब हैरान करने वाले थे। कुछ दुकानदारों ने अपनी गलती स्वीकार की और माना कि साफ-सफाई व नियमों में चूक हुई है। वहीं, कुछ दुकानदारों का तर्क था कि वे एक्सपायरी डेट हमेशा नहीं, बल्कि कभी-कभी ही लगाते हैं।हालाकि इन सब के बीच शहर की प्रसिद्ध मिठाई दुकान महामाया में स्थिति बिल्कुल अलग दिखी। यहाँ गुणवत्ता का पूरा ध्यान रखा जा रहा था और साफ-सफाई के मानक भी पर्याप्त पाए गए।महामाया के संचालक विमल वैद ने बताया कि ग्राहकों की संतुष्टि और शुद्धता का प्रयाप्त ध्यान उनके द्वारा रखा जाता है और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाता।


मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पदाधिकारी विशाल राज ने बताया कि जिले में संचालित सभी मिठाई दुकानों की सघन जांच करवाई जाएगी। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि जो भी दुकानदार अनियमितता बरतते हुए या नियमों का उल्लंघन करते हुए पाए जाएंगे, उन पर नियम के अनुसार कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई