टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह
प्रखंड मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय, टेढ़ागाछ में मंगलवार को प्रभारी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने औचक निरीक्षण कर विद्यालय की समग्र व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने शैक्षणिक गतिविधियों, छात्राओं की उपस्थिति, भोजन व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की।
निरीक्षण के क्रम में यह पाया गया कि विद्यालय में कुल 100 छात्राओं का नामांकन है, जिनमें से 80 छात्राएं उपस्थित थीं। इस उपस्थिति पर प्रभारी बीईओ ने संतोष व्यक्त किया, वहीं अनुपस्थित छात्राओं के कारणों की जानकारी भी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देश दिया कि सभी छात्राओं की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए अभिभावकों से निरंतर संपर्क बनाए रखें।
निरीक्षण के दौरान अनिल कुमार शर्मा ने छात्राओं के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी पढ़ाई-लिखाई की स्थिति का आकलन किया। उन्होंने विभिन्न विषयों से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका छात्राओं ने संतोषजनक उत्तर दिया। इससे वे प्रसन्न नजर आए। साथ ही, उन्होंने छात्राओं से भोजन की गुणवत्ता एवं निर्धारित मेनू के पालन को लेकर भी फीडबैक प्राप्त किया।
भोजन व्यवस्था की जांच के दौरान रसोईघर की साफ- सफाई, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता तथा भोजन बनाने की प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया गया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि छात्राओं को समय पर पौष्टिक एवं संतुलित आहार उपलब्ध कराया जाए और तय मेनू का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। इस निरीक्षण की खास बात यह रही कि प्रभारी बीईओ ने कुछ छात्राओं के अभिभावकों से दूरभाष के माध्यम से बातचीत कर विद्यालय की पढ़ाई, रहन-सहन एवं व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। अभिभावकों से मिले फीडबैक के आधार पर उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक सुझाव भी दिए।
उन्होंने कहा कि कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का मुख्य उद्देश्य बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित एवं अनुकूल वातावरण प्रदान करना है। इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी कर्मियों को अपने दायित्वों का ईमानदारीपूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया।निरीक्षण के अंत में उन्होंने विद्यालय परिसर की समग्र स्थिति पर संतोष जताते हुए कहा कि व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखने होंगे, ताकि छात्राओं को उत्कृष्ट शैक्षणिक माहौल मिल सके।





























