कटिहार – शिक्षा की नींव मजबूत करने और बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने को लेकर जिला प्रशासन के पहल की सराहना की जा रही है। सोमवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी समाहरणालय के अपने कार्यालय कक्ष में ऑगनबाड़ी केन्द्र पर प्रारंभिक शिक्षा पूर्ण करने वाले 5 बच्चों को विद्यारंभ प्रमाण पत्र प्रदान किया।
इस दौरान उन्होंने सदर क्षेत्र के 3 और 2 बच्चों के अलग – अलग समूहों को प्रोत्साहित करते हुए स्वयं अपने हाथों से प्रमाण पत्र सौंपा। तो वहीं उपस्थित नन्हे-मुन्ने बच्चों के साथ मृदुल एवं आत्मीय संवाद करते हुए काफी समय बिताया।
डीएम ने बच्चों से उनकी पसंद, खेल और पढ़ाई के बारे में बातें की, जिससे बच्चे काफी उत्साहित नजर आए। जिलाधिकारी ने केंद्र की सेविकाओं और अभिभावकों को प्रेरित करते हुए कहा कि बचपन की सही देख-रेख और प्रारंभिक शिक्षा हीं उज्ज्वल भविष्य का आधार बनाती है।





























