पोठिया/किशनगंज/राज कुमार
जदयू के प्रदेश कार्यालय में बड़ी बैठक हुई। इसमें किशनगंज जिले के जिलाध्यक्ष और सभी प्रखंड अध्यक्ष शामिल हुए। बैठक ने संगठन को लेकर नई दिशा तय की।
पोठिया प्रखंड जदयू अध्यक्ष जलाल कादरी ने सोमवार को जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पूर्णिया और भागलपुर प्रमंडल के जिलाध्यक्षों और प्रखंड अध्यक्षों के साथ वरिष्ठ जदयू नेता निशांत कुमार ने बैठक की। बैठक में संगठन से जुड़े मुद्दों पर सीधी और स्पष्ट चर्चा हुई।
निशांत कुमार ने कहा कि संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा। कार्यों को तेज और प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।
जलाल कादरी ने कहा कि निशांत कुमार के नेतृत्व और नीतीश कुमार के मार्गदर्शन में पार्टी ने बड़ा फैसला लिया है। संगठन के काम को तेज करने के लिए हर स्तर पर अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने बिहार की कानून व्यवस्था में हुए बदलाव का भी जिक्र किया। कहा कि वर्ष 2005 में जब नीतीश कुमार ने सत्ता संभाली, तब राज्य में सिर्फ 817 पुलिस थाने थे। अब यह संख्या बढ़कर 1380 से अधिक हो गई है। पुलिस वाहनों की संख्या चार हजार से बढ़कर 12 हजार से ज्यादा हो चुकी है। पुलिस बल 42 हजार से बढ़कर डेढ़ लाख के पार पहुंच गया है।
उन्होंने कहा कि इन फैसलों का असर साफ दिख रहा है। बिहार में भय का माहौल खत्म हुआ है। अब शांति और सौहार्द का वातावरण है। राज्य लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।
बैठक में सभी जिलाध्यक्षों और प्रखंड अध्यक्षों को साफ निर्देश दिया गया। उन्हें अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर संगठन मजबूत करने और योजनाओं की निगरानी के लिए अभियान चलाने को कहा गया।
बैठक में किशनगंज जिलाध्यक्ष फैसल अहमद, पोठिया प्रखंड अध्यक्ष जलाल कादरी, बहादुरगंज प्रखंड अध्यक्ष नजरुल इस्लाम, दिघलबैंक प्रखंड अध्यक्ष रमेश सिंह, ठाकुरगंज प्रखंड अध्यक्ष वीरेंद्र प्रसाद सिंह, टेढ़ागाछ प्रखंड अध्यक्ष शाहिद आलम, कोचाधामन प्रखंड अध्यक्ष दानिश इकबाल, किशनगंज प्रखंड अध्यक्ष मो सुफियान, जदयू नेता जयनारायण यादव समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।





























