टेढ़ागाछ में जनगणना 2027 के प्रथम चरण का प्रशिक्षण जारी, 84 कर्मियों को दी जा रही ट्रेनिंग

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

प्रखंड मुख्यालय स्थित मध्य विद्यालय टेढ़ागाछ में भारत की आगामी जनगणना 2027 के प्रथम चरण के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना को लेकर प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण 13 अप्रैल से शुरू होकर 24 अप्रैल तक संचालित होगा, जिसमें कुल 84 जनगणना कर्मियों को दो पालियों में प्रशिक्षित किया जा रहा है।


प्रशिक्षण कार्यक्रम में कर्मियों को घर-घर जाकर सही एवं सटीक जानकारी एकत्रित करने की प्रक्रिया, डेटा संकलन के मानक, तथा डिजिटल माध्यमों के उपयोग के बारे में विस्तार से जानकारी दी जा रही है।प्रशिक्षण का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनगणना कार्य पारदर्शी, त्रुटिरहित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

इस प्रशिक्षण सत्र में ट्रेनर के रूप में जयप्रकाश सिंह, सिद्धनाथ पांडेय, राजकुमार गोस्वामी एवं मो. शब्बीर आलम अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। सभी प्रशिक्षक कर्मियों को व्यावहारिक जानकारी के साथ-साथ आवश्यक दिशा- निर्देश भी दे रहे हैं, ताकि वे अपने कार्य को जिम्मेदारीपूर्वक पूरा कर सकें।

प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत 02 मई 2026 से 31 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह कार्य सरकार की एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिससे देश की सामाजिक एवं आर्थिक स्थिति का सटीक आकलन संभव हो पाता है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे जनगणना कर्मियों को सही एवं पूर्ण जानकारी प्रदान करें, ताकि आंकड़ों की शुद्धता बनी रहे। इसके अलावा, उन्होंने बताया कि नागरिकों की सुविधा के लिए 17 अप्रैल से 01 मई 2026 तक स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत लोग निर्धारित वेब पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।


प्रशासन का मानना है कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसमें आम जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। इस प्रशिक्षण के माध्यम से कर्मियों को पूरी तरह तैयार किया जा रहा है, ताकि आगामी गणना कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई