प्रसूता को मिला एक्सपायर जच्चा बच्चा किट, सिविल सर्जन ने कारवाई का दिया आश्वासन

SHARE:

निशांत/बहादुरगंज

किशनगंज के बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में एक प्रसूता को प्रसव के बाद एक्सपायर किट दिए जाने का मामला सामने आया है। किट में रखे सामान की समय सीमा समाप्त होने पर परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया।

दरअसल, गरगाँव निवासी नाज़ेरी बेगम (पति मारूफ आलम) को सोमवार शाम प्रसव के लिए बहादुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को प्रसव के बाद उन्हें जच्चा-बच्चा के बेहतर स्वास्थ्य के लिए एक प्रसूता किट प्रदान की गई। नाज़ेरी बेगम के भाई मोहम्मद नाजिस राही ने बताया कि घर पहुंचने पर परिजनों ने किट की जाँच की तो उसमें रखे सभी खाद्य पदार्थ एक्सपायर पाए गए। इससे आक्रोशित होकर परिजन दोबारा अस्पताल पहुंचे और विरोध प्रदर्शन किया।

नगर मुख्य पार्षद प्रतिनिधि वसीकूर रहमान ने इस घटना को स्वास्थ्य विभाग की घोर लापरवाही बताया। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि यदि परिजनों ने समय रहते एक्सपायर सामानों को नहीं देखा होता और उनका सेवन कर लिया होता, तो प्रसूता और बच्चे के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा हो सकता था।

प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रिजवाना तबस्सुम ने बताया कि प्रसूता किट राज्य मुख्यालय द्वारा सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को सीलबंद स्थिति में उपलब्ध कराई जाती है। इस कारण अस्पताल प्रबंधन द्वारा किट के भीतर रखे सामानों की जाँच नहीं की जाती है। उन्होंने कहा कि इस मामले को लेकर वरीय अधिकारियों को सूचित किया गया है और अब प्रसूताओं को किट अस्पताल परिसर में ही उनके सामने खोलकर विधिवत जाँच के बाद दी जाएगी।वही सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जाँच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि विभाग को पत्र लिखा जा रहा है और जाँच पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई