टेढ़ागाछ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : 72 लीटर अवैध शराब के साथ एक तस्कर गिरफ्तार

SHARE:

टेढ़ागाछ (किशनगंज) विजय कुमार साह

टेढ़ागाछ थाना क्षेत्र अंतर्गत भोरहा पंचायत में शनिवार को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने छापेमारी के दौरान भोरहा गांव निवासी एहसान आलम (पिता– नईम) के घर से कुल 72 लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार टेढ़ागाछ पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि भोरहा पंचायत के एक घर में अवैध शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही टेढ़ागाछ थाना अध्यक्ष मो. इजहार आलम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम का गठन किया और तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके बाद पुलिस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से भोरहा गांव पहुंचकर आरोपी के घर पर छापेमारी की।छापेमारी के दौरान पुलिस ने घर की तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद हुई। पुलिस ने मौके से 150 बोतल (लगभग 45 लीटर) फाइटर प्रीमियम विदेशी शराब तथा 90 बोतल (लगभग 27 लीटर) रेशम लीची ब्रांड की देशी शराब बरामद की। इस प्रकार कुल मिलाकर 240 बोतलों में लगभग 72 लीटर अवैध शराब जब्त की गई।

पुलिस ने मौके से आरोपी एहसान आलम को गिरफ्तार कर लिया और बरामद शराब को अपने कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर अग्रेतर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा पूछताछ के दौरान यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध शराब के नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

इस संबंध में टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष मो. इजहार आलम ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब और अन्य मादक पदार्थों के कारोबार पर पूरी तरह से अंकुश लगाने के लिए पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी सूरत में अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आम जनता से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यदि कहीं अवैध शराब के भंडारण, बिक्री या तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समाज को इस बुराई से बचाया जा सके। इस छापेमारी अभियान में टेढ़ागाछ थानाध्यक्ष मो. इजहार आलम के नेतृत्व में एएसआई दिलीप कुमार, मनीषा कुमारी तथा अन्य पुलिस जवान सक्रिय रूप से शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई