किशनगंज /विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत हाटगांव पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाटगांव के छात्र-छात्राओं को शनिवार को मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजा गया। विद्यालय से कुल 50 छात्र-छात्राओं का दल बोटेनिकल गार्डन कुसियार गांव, अररिया के लिए रवाना हुआ।
इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्राकृतिक पर्यावरण, वनस्पतियों और जैव विविधता के बारे में व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
विद्यालय परिसर से छात्रों को रवाना करते समय प्रधानाध्यापक हरदेव प्रसाद शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री परिभ्रमण योजना के माध्यम से बच्चों को किताबों के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान देने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत विद्यार्थियों को विभिन्न ऐतिहासिक, शैक्षणिक और प्राकृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाता है, जिससे उनके ज्ञान में वृद्धि होती है और नई चीजों को देखने-समझने का अवसर मिलता है।प्रधानाध्यापक ने बताया कि उत्क्रमित मध्य विद्यालय हाटगांव से कुल 50 छात्र- छात्राओं का चयन कर उन्हें बोटेनिकल गार्डन कुसियार गांव, अररिया भेजा गया है।
वहां विद्यार्थी विभिन्न प्रकार के पेड़-पौधों, औषधीय वनस्पतियों तथा प्राकृतिक संसाधनों के बारे में जानकारी प्राप्त करेंगे। इससे बच्चों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता भी बढ़ेगी।शिक्षकों ने बताया कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण से बच्चों में जिज्ञासा और सीखने की प्रवृत्ति विकसित होती है। किताबों में पढ़ी गई बातों को जब विद्यार्थी प्रत्यक्ष रूप से देखते हैं तो उनकी समझ और भी मजबूत होती है। इसके साथ ही बच्चों में आपसी सहयोग, अनुशासन और सामाजिक व्यवहार की भी भावना विकसित होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकों ने छात्रों को यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने और भ्रमण स्थल पर शिक्षकों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। छात्र-छात्राएं भी शैक्षणिक भ्रमण को लेकर काफी उत्साहित नजर आए। बच्चों ने कहा कि इस तरह के भ्रमण से उन्हें नई चीजें सीखने और प्रकृति को करीब से देखने का अवसर मिलता है।विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए इस तरह की गतिविधियां आयोजित की जाती रहेंगी, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक और व्यवहारिक अनुभव प्राप्त हो।



























