संवाददाता/ किशनगंज
बुधवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में आगामी (स्वतंत्रता दिवस) 15 अगस्त 2026 के सफल, गरिमापूर्ण एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से समीक्षा की गई। मुख्य समारोह स्थल की तैयारी, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, दीवारों की रंगाई-पुताई, रंग-बिरंगी पताकाओं से सजावट, अल्पाहार, ध्वनि विस्तारक (माइक) व्यवस्था, बैण्ड एवं बिगुल, शामियाना एवं कुर्सियों की व्यवस्था, राष्ट्रीय ध्वज फहराने की तैयारी, परेड, उद्घोषक, चिकित्सा व्यवस्था, “डॉ. रफत हुसैन मेमोरियल अवार्ड”, विधि-व्यवस्था, दंडाधिकारी-सह-संपर्क पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति, साफ-सफाई, स्मृति स्थलों पर ध्वजारोहण, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव, राष्ट्रीय गान, वाहन व्यवस्था, अभिभाषण, ई- कार्ड के माध्यम से आमंत्रण-पत्र प्रेषित करने, महादलित टोलों में ध्वजारोहण एवं अभिभाषण सहित स्वतंत्रता दिवस समारोह से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने नगर परिषद, किशनगंज को मुख्य समारोह स्थल शहीद अशफाक उल्ला खाँ स्टेडियम में विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने, वर्षा का पानी शीघ्र निकालने, पेयजल की समुचित व्यवस्था करने, आवश्यकता अनुसार मिट्टी भराई कराने तथा बड़े-बड़े घासों की कटाई कराने का निर्देश दिया, ताकि समारोह के आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि महादलित टोलों में ध्वजारोहण हेतु चिन्हित पदाधिकारियों की सूची उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे, जिससे वहां भी स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम का प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जा सके।
साथ ही परेड दल में नए जवानों को अवसर प्रदान करने का भी निर्देश दिया गया ।
इस बैठक में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, अपर समाहर्ता (आपदा प्रबंधन) मो. उमैर, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), अपर समाहर्ता (जिला लोक शिकायत निवारण), अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, वरीय उपसमाहर्ता सुनीता कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, निदेशक, डीआरडीए सहित सभी संबंधित जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे।






















