सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के त्वरित निष्पादन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

SHARE:



कटिहार – नगर निगम कटिहार की ओर से सहयोग शिविर में प्राप्त आवेदनों के निष्पादन की समीक्षा के लिए बुधवार को नगर निगम सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त संतोष कुमार ने की।समीक्षा बैठक में सहयोग शिविर के दौरान प्राप्त विभिन्न आवेदनों की स्थिति, उनके निष्पादन की प्रगति तथा लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की गई।

नगर आयुक्त ने प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों एवं संबंधित कर्मियों से आवेदनों के निष्पादन की अद्यतन जानकारी प्राप्त की तथा सभी मामलों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। नगर आयुक्त संतोष कुमार ने कहा कि सहयोग शिविर का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।

इसलिए प्राप्त सभी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाए तथा किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। बैठक में सहयोग शिविर हेतु प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समय पर उपस्थित रहे। नगर आयुक्त श्री कुमार ने सभी अधिकारियों एवं कर्मियों को जनहित से जुड़े कार्यों में संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।

बैठक के अंत में लंबित आवेदनों के शीघ्र निष्पादन हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए तथा संबंधित अधिकारियों को नियमित रूप से प्रगति प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। इस दौरान सहायक अभियंता विवेक कुमार, स्वच्छता पदाधिकारी राहुल कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई
error: Content is protected !!