विजय कुमार साह /टेढ़ागाछ (किशनगंज)
टेढ़ागाछ प्रखंड से होकर बहने वाली रेतुआ नदी में मंगलवार देर शाम अचानक जलस्तर बढ़ने से निचले इलाकों के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। नदी का तेज बहाव चिल्हनियां पंचायत के कोठी टोला देवरी गांव के वार्ड संख्या-11 स्थित महादलित टोला तक पहुंच गया है, जहां नदी किनारे कटाव तेजी से होने लगा है।
कटाव के कारण कई परिवारों को अपने घरों और जमीन के अस्तित्व पर खतरा मंडराता दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कटावरोधी कार्य नहीं कराया गया तो कई घर नदी में समा सकते हैं। लगातार हो रही बारिश और नदी के बढ़ते जलस्तर ने लोगों की चिंता और बढ़ा दी है। स्थानीय ग्रामीण चमक लाल मांझी, राधा देवी, आशा देवी एवं बिरेन्ची पासवान सहित अन्य लोगों ने प्रशासन से तत्काल स्थल का निरीक्षण कर कटावरोधी कार्य शुरू कराने की मांग की है।
उनका कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में रेतुआ नदी का कटाव गांव के लिए बड़ी समस्या बन जाता है, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और जल संसाधन विभाग से अविलंब आवश्यक कदम उठाने की अपील की है ताकि कटाव को रोका जा सके और संभावित नुकसान से लोगों को बचाया जा सके। इधर, नदी के जलस्तर पर प्रशासन की नजर बनी हुई है। स्थानीय लोगों को सतर्क रहने तथा नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी जा रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि प्रशासन शीघ्र कार्रवाई कर उन्हें इस संकट से राहत दिलाएगा।






















