शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृहमंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग
संवाददाता /किशनगंज
दिल्ली में प्रदर्शन के दौरान लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत इंडिया गठबंधन के कई नेताओं की गिरफ्तारी के बाद देशभर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। संसद से लेकर सड़क तक विपक्षी दल केंद्र सरकार के खिलाफ लगातार विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं।
इसी क्रम में बुधवार को किशनगंज शहर स्थित गांधी चौक पर जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रतीकात्मक पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर लोकतंत्र की रक्षा, विपक्ष की आवाज दबाने तथा जनहित के मुद्दों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया।
कांग्रेस नेता मुसब्बिर आलम ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल का संवैधानिक अधिकार है। लेकिन दिल्ली में विपक्षी नेताओं के साथ जिस प्रकार का व्यवहार किया गया, उससे लोकतांत्रिक मूल्यों को ठेस पहुंची है।जबकि जिला अध्यक्ष शहाबुल अख्तर ने केंद्र सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार जनहित के वास्तविक मुद्दों से लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए कांग्रेस का संघर्ष आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विपक्ष की आवाज को इसी तरह दबाने का प्रयास किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। इस मौके पर शमशीर अहमद,आजाद शाहिल, शंभू यादव सहित अन्य लोग मौजूद थे।






















