नेपाल से लाई जा रही थी शराब, होली में थी खपाने की योजना
विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ
टेढ़ागाछ थाना पुलिस ने बिहार मध्य निषेध अभियान के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात पिपरा हाटगांव कब्रिस्तान के समीप छापेमारी कर 1051 बोतल नेपाली देसी शराब बरामद किया है। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में नेपाल की ओर से टेंपो के माध्यम से शराब की खेप लाई जा रही थी।
जिसे होली पर्व के मद्देनज़र अवैध रूप से स्टॉक कर खपाने की तैयारी थी।मौके से पुलिस ने तस्कर शिवा कुमार साह , पिता दिलीप प्रसाद शाह, ग्राम मटियारी वार्ड संख्या 7, थाना टेढ़ागाछ, जिला किशनगंज निवासी को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई का नेतृत्व सब इंस्पेक्टर रितेश कुमार ने किया।
अभियान में एएसआई दिलीप कुमार सहित अन्य पुलिस बल के जवान भी मौजूद रहे। पुलिस ने टेंपो को जब्त कर लिया है तथा जब्त शराब को थाना लाया गया।
थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने बताया कि टेंपो पर लदी 1051 बोतल रश्मि लीची नेपाली देसी शराब के साथ तस्कर को मौके पर ही धर दबोचा गया।
इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है।उन्होंने कहा कि आगे भी शराब तस्करी के खिलाफ कारवाई जारी रहेगी और किसी भी सूरत में तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा।इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और शराब तस्करों के बीच दहशत का माहौल है। पुलिस ने साफ किया है कि आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।


























