संवाददाता/ किशनगंज
बुधवार को जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं विधायक गोपाल कुमार अग्रवाल द्वारा जिला शिक्षा विभाग के तत्वाधान में आयोजित कार्यक्रम राजकीय डिग्री कॉलेज दिघलबैंक में शैक्षणिक सत्र का लोकार्पण संयुक्त रूप से किया गया ।
साथ ही राजकीय डिग्री कॉलेज कोचाधामन एवं दिघलबैंक में छात्राओं के आवागमन के लिए सरकार द्वारा संचालित पिंक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया ।
सरकार द्वारा संचालित पिंक बस में सिर्फ महिलाओं एवं छात्राओं को ट्रैवलिंग की सुविधा प्रदान की गई है , जिसमें कंडक्टर भी महिला होगी एवं यात्री भी महिलाएं एवं छात्राएं होगी , जिसमें सुरक्षा व्यवस्था की चाक चौबंद व्यवस्था सुनिश्चित की गई है ।
पिंक बस का संचालन प्रखंड मुख्यालय से राजकीय डिग्री कॉलेज तक किया जाएगा ।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना) शिक्षा द्वारा बताया गया कि राज्य सरकार के सात निश्चय भाग 3 का चतुर्थ निश्चय उन्नत शिक्षा ,उज्जवल भविष्य के तहत राजकीय डिग्री कॉलेज विभिन्न प्रखंडों में डिग्री कॉलेज की स्थापना की गई है । जिलान्तर्गत कोचाधामन ,दिघलबैंक एवं टेढ़ागांछ प्रखंडों में राजकीय डिग्री महाविद्यालय की स्थापना की गई है यह सभी कॉलेज पूर्णिया विश्वविद्यालय पूर्णिया की अंगीभूत महाविद्यालय होंगे ।
इन सभी डिग्री कॉलेज में मुख्य रूप से 6 विषयों की पढ़ाई प्रारंभ की गई है जिसमें समाजशास्त्र, राजनीतिक शास्त्र, मनो विज्ञान,इतिहास, हिंदी एवं अंग्रेजी शामिल हैं।वही भविष्य में इन डिग्री महाविद्यालयों में विज्ञान एवं वाणिज्य की पढ़ाई प्रारंभ की जाएगी ।
राजकीय डिग्री कॉलेज कोचाधामन का अस्थाई संचालन हाई स्कूल धनपुरा कोचाधामन में किया जा रहा है । इसी प्रकार राजकीय डिग्री कॉलेज दिघलबैंक का अस्थाई संचालन हाई स्कूल तुलसीया में प्रारंभ किया गया है।राजकीय डिग्री कॉलेज टेढ़ागाछ का संचालन हाई स्कूल बेणुगढ़ टेढ़ागाछ में किया जा रहा है।
इन सभी डिग्री कॉलेजों में प्राचार्य का पदस्थापना हो चुका है । अध्यापकों का पदस्थापन पूर्णिया विश्वविद्यालय द्वारा किया जाएगा । छात्रों के नामांकन की प्रक्रिया ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से किया जा रहा है ।
शहरी क्षेत्र में 2.5 एकड़ भूमि पर राजकीय डिग्री कॉलेज का स्थाई भवन निर्माण कराया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में 5 एकड़ भूमि पर राजकीय डिग्री कॉलेज का स्थाई भवन निर्माण कराया जाएगा। ताकि भविष्य में स्थाई रूप से डिग्री कॉलेज संचालन किया जा सके ।इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा के साथ साथ अन्य अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, प्राचार्य सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं छात्र-छात्राएं आदि उपस्थित थे ।
























