जिला पदाधिकारी ने मंडल कारा का किया निरीक्षण,कैदियों की समस्याओं से हुए रुबरु

SHARE:

कटिहार – जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने बुद्धवार को मंडल कारा कटिहार का भौतिक निरीक्षण किया। इस निरीक्षण के दौरान उन्होंने कारा में बंद कैदियों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कारा अधीक्षक को आवश्यक निर्देश दिये। निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता डाॅ.बिनोद कुमार,आरक्षी अधीक्षक शिखर चौधरी सहित कई अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कैदियों के रहन-सहन,भोजन,स्नानागार एवं खेलकूद जैसी मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया।कैदियों ने उन्हें शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई एवं शौचालयों की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने का प्रार्थना पत्र सौंपा तो वहीं कैदियों ने डीएम को बताया कि जेल प्रशासन द्वारा समय-समय पर उन्हें पशुपालन गायों की देखभाल एवं अधिक दूध देने वाली नस्लों की जानकारी, वर्मी कंपोस्ट केंचुआ खाद बनाने जैसे विभिन्न व्यवसायिक प्रशिक्षण दिया जाता है।

जो उनके पुनर्वास में लाभकारी होगा। जिला पदाधिकारी ने बताया कि पिछले निरीक्षण के दौरान शौचालय, शुद्ध पेयजल एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने का भवन निर्माण विभाग को निर्देश दिया गया था। पुनः भवन निर्माण विभाग के पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अतिशीघ्र शौचालय एवं स्नानागारों के सुदृढ़ीकरण का कार्य प्रारंभ करें।डीएम ने कैदियों के सर्वांगीण विकास को लेकर एक नई पहल करने का निर्देश जेल प्रशासन को दिया।

उन्होंने कहा कि प्रतिदिन सुबह के समय स्कूल की तरह सभी कैदियों के लिए सुविचार चेतना सत्र आयोजन किया जाए।उन्होंने समय-समय पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं इनडोर व आउटडोर खेलकूद प्रतियोगिताओं के आयोजन कराये जाने का भी निर्देश दिया।उन्होंने कैदियों के स्वास्थ्य को लेकर भी पूछताछ की।गंभीर बीमारियों को लेकर पूछने पर कई कैदियों ने स्वयं को मधुमेह का रोगी बताया।डीएम ने कारा में तैनात चिकित्सक को मधुमेह एवं अन्य बीमारियों से ग्रसित कैदियों को ससमय दवाई एवं उपचार करने का निर्देश दिया। ताकि उनकी समुचित देखभाल हो सके।महिला कैदियों से भेंट कर उनके हाल-चाल जानने के बाद उनके लिए बेहतर रहन-सहन की व्यवस्था किये जाने को लेकर जेल प्रशासन को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मौके पर कारा अधीक्षक सहित जेल व जिला प्रशासन पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट:सतेंदु सुमन

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई