मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के तहत 50 छात्र-छात्राएं शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना,छात्र छात्राओं में उत्साह

SHARE:

संवाददाता: विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत स्थित मध्य विद्यालय कुंवाड़ी से मंगलवार को मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना के तहत 50 छात्र-छात्राओं को शैक्षणिक भ्रमण पर रवाना किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित एक सादे लेकिन गरिमामय कार्यक्रम के दौरान प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन, पंचायत के मुखिया मोफत लाल ऋषिदेव, वीएसएस अध्यक्ष उमेश कुमार मंडल एवं प्रधानाध्यापक राघवेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर बस को कोसियार गांव पार्क के लिए रवाना किया।

इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने कहा कि मुख्यमंत्री शैक्षणिक परिभ्रमण योजना का मुख्य उद्देश्य बच्चों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकालकर वास्तविक जीवन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ जब बच्चे प्रत्यक्ष रूप से ऐतिहासिक, सामाजिक एवं प्राकृतिक स्थलों को देखते हैं, तो उनकी समझ और दृष्टिकोण व्यापक होता है। ऐसे भ्रमण से बच्चों में जिज्ञासा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास का विकास होता है।

मुखिया मोफत लाल ऋषिदेव ने कहा कि ग्रामीण परिवेश के बच्चों के लिए यह योजना विशेष रूप से लाभकारी है। आर्थिक और सामाजिक सीमाओं के कारण कई बच्चे बाहर की दुनिया को नजदीक से नहीं देख पाते। सरकार की इस पहल से उन्हें नए स्थानों को देखने, सीखने और समझने का अवसर मिलता है।
प्रधानाध्यापक राघवेंद्र तिवारी ने जानकारी दी कि छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है।

सभी बच्चों की सूची, उपस्थिति और आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही तैयार कर लिए गए थे। शिक्षकों की एक टीम बच्चों के साथ भ्रमण पर गई है, जो स्थल पर उन्हें महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध कराएगी। उन्होंने बताया कि इस भ्रमण का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को रोचक और व्यावहारिक बनाना है।बस रवाना होने से पूर्व विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। छात्र-छात्राएं अत्यंत उत्साहित नजर आए।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई