कोढ़ा /कटिहार- जिले में पशु तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कोढ़ा थाना पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से ले जाए जा रहे 10 मवेशियों को मुक्त कराया है और इस तस्करी में शामिल दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामले की जानकारी देते हुए कटिहार पुलिस ने बताया कि कोढ़ा थानाध्यक्ष को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वैन वाहन में अत्यंत क्रूरतापूर्वक मवेशियों को लादकर झिटकिया रोड की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया और झिटकिया रोड के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया गया। चेकिंग के दौरान जब पुलिस बल ने एक संदिग्ध पिकअप वैन को रुकने का इशारा किया, तो चालक ने पुलिस को देखकर वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया।
हालांकि मुस्तैद पुलिस कर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन का पीछा किया और घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। जब पिकअप की तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम दंग रह गई। वाहन के अंदर कुल 10 मवेशियों को बहुत ही अमानवीय और क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। पुलिस ने तत्काल सभी मवेशियों को अपने कब्जे में लिया और वाहन को जब्त कर लिया।
मौके से गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों की पहचान जाकिर हुसैन (54) पिता- स्वर्गीय अब्दुल हक, साकिन- लाईन पार बरेटा, वार्ड नंबर 05, थाना- बरारी, जिला- कटिहार एवं मंसूर आलम (42) पिता- अबुल हुसैन, साकिन- लाईन पार बरेटा, वार्ड नंबर 05, थाना- बरारी, जिला- कटिहार के रूप में हुई । पुलिस ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत कांड दर्ज कर लिया गया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।



























