संवाददाता:विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ थाना परिसर से सोमवार को बिहार पुलिस सप्ताह–2026 के अवसर पर नशामुक्ति जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, स्थानीय नागरिक एवं पुलिस पदाधिकारी शामिल हुए।
रैली थाना परिसर से प्रारंभ होकर ब्लॉक चौक तक गई और पुनः थाना परिसर में आकर संपन्न हुई।रैली के दौरान प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां एवं बैनर हाथों में लेकर आमजन को जागरूक किया। “नशा छोड़ो, जीवन जोड़ो” और “स्वस्थ समाज, सुरक्षित भविष्य” जैसे नारों के माध्यम से युवाओं और अभिभावकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित करता है, बल्कि परिवार और समाज की सामाजिक व आर्थिक स्थिति को भी कमजोर करता है।कार्यक्रम के दौरान थाना परिसर में बच्चों के बीच चॉकलेट वितरण कर उन्हें प्रोत्साहित किया गया।
साथ ही छात्र- छात्राओं ने नशामुक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से जुड़े विषयों पर अपनी सृजनात्मक प्रस्तुतियां दीं।थानाध्यक्ष मोहम्मद इजहार आलम ने अपने संबोधन में कहा कि पुलिस केवल कानून- व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक जागरूकता और जनकल्याण के कार्यों में भी सक्रिय भूमिका निभाती है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नशे से दूर रखने के लिए सतर्क रहें और समाज में सकारात्मक वातावरण निर्माण में सहयोग करें।



























