किशनगंज:सरस्वती विद्या मंदिर सैनिक स्कूल के भव्य प्रांगण में आयोजित मातृ पितृ पूजन दिवस का कार्यक्रम अत्यंत मनोहर, भावुक एवं हृदयस्पर्शी वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के दौरान कक्षा पंचम तक के भैया-बहनों ने शिशु मंदिर के सुसज्जित पूजन स्थल पर अपने माता-पिता का पूजन, वंदन, चंदन एवं नमन कर कृतज्ञता प्रकट की। इस अद्भुत दृश्य ने उपस्थित सभी अभिभावकों एवं आचार्यों को भाव-विभोर कर दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री नागेंद्र कुमार तिवारी ने सनातन धर्म में माता-पिता की महत्ता, उनके त्याग, तपस्या और जीवन में उनके योगदान पर सारगर्भित विचार प्रस्तुत किए। उनके ओजस्वी एवं भावपूर्ण उद्बोधन से पूरा वातावरण गंभीर और करुणा से सराबोर हो गया। माताओं की ममता और पिता के स्नेह का ऐसा सजीव चित्र उपस्थित हुआ कि कई अभिभावकों एवं आचार्यों की आंखें छलक पड़ीं।
कार्यक्रम के दौरान ममत्व से ओतप्रोत गीतों की प्रस्तुति ने भावनाओं को और भी गहराई दी। “मां मुझे अपने आंचल में छुपा लो” जैसे गीतों ने सभी को अपनी स्मृतियों में लौटा दिया। बच्चे अपने माता-पिता के आलिंगन में बंधे नजर आए, वहीं माताओं की ममता वात्सल्य की निर्झरिणी बनकर बहती रही।
कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए अभिभावकों ने प्राचार्य नागेंद्र कुमार तिवारी को ऐसे अनूठे एवं प्रेरणादायी आयोजन के लिए कोटि-कोटि धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे विद्या मंदिर के इतिहास का सबसे प्रभावशाली एवं स्मरणीय कार्यक्रम बताते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजनों की अपेक्षा जताई।
कार्यक्रम का सफल संचालन व्यवस्था प्रमुख कैलाश झा आचार्य एवं सह-प्रमुख सुजीत कुमार द्वारा किया गया। अंत में सभी माताओं, आचार्यों, दीदी जी, सेवक एवं सेविकाओं को इस सफल आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। भावनाओं से भरे इस सुखद एवं मनोहर वातावरण के बीच कार्यक्रम का समापन हुआ।




























