मनरेगा का हुआ रूपांतरण विकसित भारत जी राम जी योजना के रूप में अब 125 दिन मिलेगा रोजगार : डीएम

SHARE:

जिले में 90 हजार किसानों का पंजीकरण किया जा चुका

किशनगंज/प्रतिनिधि


डीएम विशाल राज ने कहा कि मनरेगा योजना का रूपांतरण अब विकसित भारत जी राम जी योजना के रूप में किया गया है। इस योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिला से लेकर प्रखंड स्तर तक सशक्तीकरण किया जाएगा। समाहरणालय के कार्यालय में मंगलवार को प्रेसवार्ता के दौरान डीएम विशाल राज बोल रहे थे। डीएम श्री राज ने कहा कि इसका मुख्य उद्देश्य ग्राउंड लेवल पर वास्तविक रोजगार सृजन सुनिश्चित करना है।

डीएम श्री राज ने बताया कि योजना में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। अब मनरेगा के तहत मिलने वाले 100 कार्य दिवस को बढ़ाकर 125 दिन कर दिया जाएगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन को मजबूती मिलेगी और गांवों में काम की निरंतरता बनी रहेगी।डीएम ने कहा कि इस कार्य में पारदर्शिता एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने हेतु बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण,मोबाइल एवं डैशबोर्ड आधारित निगरानी तथा साप्ताहिक सार्वजनिक प्रकटीकरण प्रणालियों के माध्यम से भी प्रावधान किए जाएंगे। सामाजिक अंकेक्षण तंत्र को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।


डीएम श्री राज ने यह भी स्पष्ट किया कि योजनाओं में यदि किसी प्रकार की अनियमितता की शिकायत प्राप्त होती है, तो लोकपाल के माध्यम से जांच कराई जाती है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाती है। प्रशासन का उद्देश्य है कि योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी ढंग से अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।डीएम श्री राज ने एक दूसरे योजना के बारे में बताया कि जिले में किसानों के पंजीकरण का कार्य चल रहा है।

अब तक 90 हजार किसानों का पंजीकरण किया जा चुका है और लाभुकों को चिन्हित कर योजना का लाभ दिया जा रहा है। इस मामले में जिला राज्य स्तर पर तीसरे स्थान पर है।डीडीसी प्रदीप झा ने कहा कि योजना को इस प्रकार विकसित किया जा रहा है कि लाभुक स्वतः रोजगार की ओर उन्मुख हों। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था में पारदर्शिता (ट्रांसपेरेंसी) पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, ताकि हर पात्र व्यक्ति को समय पर और सही लाभ मिल सके।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई