किशनगंज: टेढ़ागाछ में निकलीं गई भव्य कलश शोभा यात्रा, भक्तिमय हुआ माहौल

SHARE:

किशनगंज/विजय कुमार साह

किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धवेली पंचायत स्थित पीपल चौक शीशागाछी में बुधवार को श्री श्री 108 गुरु जन्म शताब्दी महोत्सव के अवसर पर भव्य कलश एवं शोभा यात्रा का आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ किया गया। इस आयोजन में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लेकर क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।

कलश शोभा यात्रा का शुभारंभ पीपल चौक शीशागाछी से किया गया। ढोल-नगाड़ों, गाजे-बाजे और जयकारों के साथ निकली यह यात्रा रामपुर, कॉलेज चौक फुलवड़िया बाजार होते हुए रेतुआ नदी तट पहुंची। वहां विद्वान पंडितों द्वारा विधिवत वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात कलश में पवित्र जल भरा गया। नदी तट पर श्रद्धालुओं ने गुरु महाराज के चरणों में नमन करते हुए सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।


पूजा-अर्चना के बाद शोभा यात्रा पुनः उसी मार्ग से यज्ञ स्थल पहुंची, जहां वैदिक रीति-रिवाज के अनुसार कलश की स्थापना की गई। यज्ञ स्थल पर मंत्रोच्चारण और शंखध्वनि से पूरा वातावरण आध्यात्मिक ऊर्जा से भर उठा। महिलाओं की पारंपरिक वेशभूषा, सिर पर कलश और अनुशासित कतार में चलती श्रद्धालुओं की टोली ने लोगों का मन मोह लिया।महिला प्रज्ञामंडल के तत्वावधान में आयोजित यह गुरु जन्म शताब्दी महोत्सव 21 जनवरी को कलश एवं शोभा यात्रा के साथ विधिवत प्रारंभ हुआ। आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि संध्या समय दीप यज्ञ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने दीप प्रज्वलित कर गुरु महाराज के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।

वहीं 22 जनवरी, गुरुवार को कुंडीय यज्ञ एवं संस्कार उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर विद्वान आचार्यों द्वारा हवन-पूजन, प्रवचन एवं संस्कार संबंधी धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए जाएंगे। आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बना हुआ है। आसपास के गांवों से भी श्रद्धालु पहुंचकर महोत्सव में भाग ले रहे हैं।

Leave a comment

सबसे ज्यादा पड़ गई