किशनगंज/विजय कुमार साह
टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में सोमवार को पंचायत समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में बहादुरगंज विधायक तौसीफ आलम की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक प्रारंभ होने से पूर्व प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन द्वारा विधायक तौसीफ आलम को अंगवस्त्र ओढ़ाकर एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर हार्दिक स्वागत किया गया, जिसके बाद बैठक की औपचारिक शुरुआत की गई।
इस बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार, अंचल अधिकारी शशि कुमार, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. प्रमोद कुमार, अधिकारी विवेक भारती सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पंचायत समिति सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रखंड क्षेत्र से जुड़ी बुनियादी समस्याओं की समीक्षा करना एवं उनके त्वरित समाधान को लेकर विभागीय अधिकारियों से चर्चा करना था।
बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। बिजली आपूर्ति, नल-जल योजना, स्वास्थ्य सेवाएं, सड़क एवं पुल-पुलिया निर्माण, राशन वितरण, साफ-सफाई सहित अन्य जनहित से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि कई योजनाओं में लापरवाही एवं कमियां देखने को मिल रही हैं, जिन्हें शीघ्र दूर किया जाना आवश्यक है।
बैठक में पशु चिकित्सा पदाधिकारी एवं आपूर्ति पदाधिकारी की अनुपस्थिति पर विधायक तौसीफ आलम ने नाराजगी व्यक्त की। विधायक ने विशेष रूप से राशन वितरण प्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि डीलरों द्वारा अनाज वितरण में प्रति यूनिट एक किलो की कटौती की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिसे अविलंब बंद किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि गरीबों के हक पर डाका डालने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों को भी कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि कई गरीब बिजली उपभोक्ताओं के बिजली बिल में गड़बड़ी की शिकायतें मिल रही हैं और बिना पूर्व सूचना के बिजली काट दी जाती है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी उपभोक्ता की बिजली काटने से पहले कम से कम तीन बार नोटिस दिया जाए।
इसके बावजूद भी भुगतान नहीं होने पर ही कनेक्शन काटा जाए। इसके साथ ही उन्होंने प्रखंड क्षेत्र के कई गांवों में आज भी बांस-बल्ले के सहारे दी जा रही बिजली आपूर्ति पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि यह जान-माल के लिए खतरनाक है। इस समस्या का वर्षों से समाधान नहीं हो पाया है, जिसे जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाना चाहिए।
बैठक में एआईएमआईएम विधायक तौसीफ आलम ने कहा कि शासन एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय से ही क्षेत्र की समस्याओं का समाधान संभव है। जनहित के मुद्दों को पहली प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि अपने पांच वर्षों के कार्यकाल में वे विधानसभा क्षेत्र को सुदृढ़ एवं बेहतर बनाने के लिए लगातार कार्य करेंगे। किसी भी अधिकारी द्वारा जनता को परेशान करने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वहीं प्रखंड प्रमुख उजाला परवीन ने सभी अधिकारियों को अपने कार्यशैली में सुधार लाने एवं आम जनता के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत समिति की बैठक में उठाई गई सभी समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि जनता को राहत मिल सके।




























