देश के 154 शहीद पुलिसकर्मियों को किया गया नमन, बिहार के 12 जवान भी शामिल
किशनगंज:पुलिस संस्मरण दिवस-2026 के अवसर पर बुधवार को पुलिस केंद्र, किशनगंज में श्रद्धांजलि कार्यक्रम एवं पुलिस संस्मरण दिवस परेड का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को सलामी दी गई। इस दौरान शहीद स्मारक पर माल्यार्पण कर वीर जवानों को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान देश की आंतरिक सुरक्षा, शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहादत देने वाले पुलिसकर्मियों के साहस, वीरता और कर्तव्यनिष्ठा को याद किया गया। जानकारी के अनुसार, 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 तक देशभर में कुल 154 पुलिसकर्मी शहीद हुए, जिनमें बिहार के 12 पुलिसकर्मी शामिल हैं। इसके साथ ही किशनगंज जिले में पूर्व में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए पुलिसकर्मियों को भी श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि राष्ट्र एवं समाज की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग और बलिदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उनका अदम्य साहस, कर्तव्य के प्रति अटूट निष्ठा और राष्ट्रसेवा का जज्बा आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।
कार्यक्रम में शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को भी आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। पुलिसकर्मियों ने वीर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए उनकी स्मृतियों को सदैव जीवंत रखने का संकल्प लिया।
किशनगंज पुलिस ने शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि राष्ट्र की सुरक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान अमर रहेगा और उनकी वीरता सदैव देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।