न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

मतदाता सूची से छूटे लोगों और युवाओं के पंजीकरण के लिए चलेगा विशेष अभियान

टेढ़ागाछ में बीडीओ अजय कुमार ने बीएलओ व सुपरवाइजर के साथ की बैठक, घर-घर होगा मतदाताओं का सत्यापन।

विजय कुमार साह/टेढ़ागाछ

विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित लोगों तथा पहली बार मतदाता बनने के योग्य युवाओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसको लेकर बुधवार को टेढ़ागाछ प्रखंड मुख्यालय स्थित सभागार भवन में बीडीओ अजय कुमार की अध्यक्षता में सभी बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजरों की बैठक आयोजित की गई।

बैठक में पंचायती राज पदाधिकारी विवेक भारती और राजस्व कर्मचारी अरुण कुमार पांडे भी मौजूद रहे।बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुरानी एवं वर्तमान मतदाता सूची का मिलान और सत्यापन करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अभियान के तहत ऐसे मतदाताओं को चिह्नित किया जाएगा, जिनके नाम पूर्व की मतदाता सूची में दर्ज थे, लेकिन वर्तमान सूची से छूट गए हैं। संबंधित बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और पात्र पाए जाने वाले लोगों का प्रपत्र-6 के माध्यम से पंजीकरण सुनिश्चित करेंगे।


निर्धारित निर्देश के अनुसार प्रत्येक बीएलओ को प्रति सप्ताह 20 से 25 मतदाताओं का सत्यापन करना होगा। यह कार्य एक माह के भीतर पूरा कर सत्यापन रिपोर्ट संबंधित निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी को सौंपनी होगी। अभियान के दौरान मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंटों के साथ भी आवश्यक सूचनाएं साझा की जाएंगी। मतदाताओं की सुविधा के लिए 9 अक्टूबर से 8 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार को सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे।

इसके अतिरिक्त जरूरत के अनुसार मजदूर बस्तियों, रैन बसेरों, बेघर लोगों और कमजोर वर्गों के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। बीएलओ सुपरवाइजर इन शिविरों की निगरानी करेंगे। प्रशासन की ओर से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के योग्य कोई भी व्यक्ति वंचित न रह जाए। अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक एवं अद्यतन बनाना और सभी पात्र नागरिकों की निर्वाचन प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है।

Share this news

Leave a Comment