न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

अवैध आरा मिल पर वन विभाग की कार्रवाई,उपकरण व लकड़ी जब्त

संचालक की और से वैध कागजात प्रस्तुत नहीं करने पर हुई कार्रवाई
वन अधिनियम के तहत मामला दर्ज

मनिहारी /कटिहार – वन पर्यावरण विभाग ने अवैध रूप से संचालित आरा मिलों के विरुद्ध कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में वन परिसर पदाधिकारी मनिहारी ने 10 अक्टूबर को गुप्त सूचना के आधार पर मनिहारी थाना क्षेत्र के मनोहरपुर गांव में संचालित अवैध आरा मिलों पर छापेमारी कर उसके उपकरणों एवं वहां उपलब्ध अवैध वन पदार्थों को जब्त कर लिया। आरा मिल संचालकों द्वारा वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किए जाने पर विभाग ने यह कार्रवाई की।


वन परिसर पदाधिकारी मनिहारी की ओर से मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी कटिहार को भेजे गए प्रतिवेदन के अनुसार 10 अक्टूबर 2026 को क्षेत्र भ्रमण के दौरान अधीनस्थ वनकर्मियों के साथ मनिहारी प्रखंड के मनोहरपुर गांव स्थित आरा मिलों के परिसरों में जांच की गई। जांच के दौरान आरा मिल से संबंधित कागजात की मांग की गई।

लेकिन संचालक मो. सगीर उर्फ बदरुद्दीन पिता स्वर्गीय मैमुल हक, मो. ईमाम पिता अर्शेद अली, शेख कालू पिता स्वर्गीय फजर अली, सभी निवासी मनोहरपुर, थाना मनिहारी, जिला कटिहार की ओर से कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं किया गया।इसके बाद वन विभाग की टीम ने आरा मिलों के उपकरणों, परिसरों में उपलब्ध लकड़ियों तथा अन्य अवैध वन पदार्थों की जब्ती सूची तैयार कर उन्हें जब्त कर लिया। जब्त सामग्री का पूरा विवरण जब्ती सूची एवं जुर्म प्रतिवेदन में दर्ज किया गया है। विभाग के अनुसार, जब्त सामग्री को विधिवत सुरक्षित रखा गया है।

प्रतिवेदन में उल्लेख किया गया है कि आरा मिल संचालकों के विरुद्ध बिहार काष्ठ आधारित उद्योग स्थापना एवं विनियमन) अधिनियम, 2025 की धारा 7, 10(09), 16 एवं 20 तथा भारतीय वन अधिनियम, 1927 (बिहार संशोधन अधिनियम, 1989) की धारा 41 एवं 42 के उल्लंघन का मामला बनता है। इसी आधार पर भारतीय वन अधिनियम की धारा 52 के तहत जब्ती की कार्रवाई की गई है।वन विभाग ने बताया कि जब्ती सूची एवं जुर्म प्रतिवेदन तैयार कर संबंधित अभियोजन प्रतिवेदन उचित माध्यम से शीघ्र न्यायालय में समर्पित किया जाएगा।

वन परिसर पदाधिकारी, मनिहारी श्री झा ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी, कटिहार को जब्ती सूची एवं जुर्म प्रतिवेदन की मूल प्रतियां भी भेजी हैं। वन विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध रूप से आरा मिल संचालित करने वालों में हड़कंप मचा है। डीएफओ श्री झा ने बताया कि विभाग ओर से अवैध आरा मिलों तथा वन संपदा के अनधिकृत उपयोग के विरुद्ध कार्रवाई जारी रहेगी।

Share this news

Leave a Comment