न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

त्योहारों पर रेल यात्रियों को बड़ी राहत,कटिहार मंडल से चलेंगी 19 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें

किशनगंज में रेल जन संवाद’ के जरिए सुनी गईं यात्रियों की समस्याएं

22 अक्टूबर तक प्रमुख स्टेशनों पर चलेगा कार्यक्रम

कटिहार – दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के कटिहार रेल मंडल ने सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। यात्रियों की सुविधा और भीड़ नियंत्रण के उद्देश्य से मंडल से कुल 19 जोड़ी विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है, जबकि 11 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें मंडल के विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।

इस बीच यात्रियों की शिकायतों के त्वरित समाधान और रेल सेवाओं में सुधार के लिए किशनगंज रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को रेल जन संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह के निर्देश पर सहायक वाणिज्य प्रबंधक निशांत कुमार तिवारी ने किया। मौके पर वाणिज्य निरीक्षक हरि ओम कुमार भी मौजूद रहे। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, शिकायतों और सुझावों को सुना तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया।

22 अक्टूबर तक प्रमुख स्टेशनों पर होगा आयोजन

इस संबंध में सीनियर डीसीएम सह पीआरओ अनूप कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की समस्याओं को समझने, शिकायतों के प्रभावी निराकरण और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से ‘रेल जन संवाद’ कार्यक्रम 22 अक्टूबर 2026 तक रेलवे के प्रमुख स्टेशनों पर आयोजित किया जाएगा। इसके माध्यम से यात्री अपनी समस्याएं और सुझाव सीधे रेलवे अधिकारियों के समक्ष रख सकेंगे। उन्होंने कहा कि रेल प्रशासन यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।

दिल्ली, मुंबई, अमृतसर और बेंगलुरु के लिए विशेष ट्रेनें

आगामी त्योहारी भीड़ को देखते हुए कटिहार से देश के विभिन्न प्रमुख शहरों के लिए विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। इनमें कटिहार-मुंबई सेंट्रल स्पेशल,कटिहार – अमृतसर स्पेशल और कटिहार-यशवंतपुर बेंगलुरु स्पेशल प्रमुख हैं। इसके अलावा जोगबनी से आनंद विहार टर्मिनस दिल्ली, पूर्णिया कोर्ट से फिरोजपुर तथा अन्य प्रमुख मार्गों पर भी विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। कटिहार से सबौर, भागलपुर, मनिहारी और पूर्णिया के लिए भी विशेष सेवाओं की व्यवस्था की गई है। जिससे स्थानीय और लंबी दूरी के यात्रियों को राहत मिलेगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार विशेष ट्रेनों में यात्रियों की जरूरत के अनुरूप वातानुकूलित, स्लीपर और सामान्य श्रेणी के कोच उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इससे त्योहारों के दौरान घर लौटने और पर्व के बाद अपने कार्यस्थलों पर वापस जाने वाले यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे।

यात्रियों से विशेष ट्रेनों का लाभ उठाने की अपील

कटिहार रेलमंडल के सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने आम यात्रियों से अपील की कि वे त्योहारों के दौरान यात्रा की योजना बनाते समय रेलवे की विशेष सेवाओं की जानकारी टोल फ्री नंबर 139 से प्राप्त करें और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाएं। उन्होंने यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार, शिकायतों के समाधान और रेलवे प्रशासन तथा यात्रियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया।

व्यापारियों की सुविधा के लिए नई ऐप

रेलवे प्रशासन की ओर से व्यापारियों की सुविधा के लिए शुरू की गई नई ऐप के संबंध में भी सीनियर डीसीएम अनूप कुमार सिंह ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य व्यापारियों को रेलवे से संबंधित सुविधाओं और सेवाओं तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराना है। इसमें दर्ज मामला पर रेल प्रशासन त्वरित कार्यवाही करता है एवं इसका समाधान तीन तरह से अर्थात् मंडल लेबल, जोन लेबल एवं बोर्ड लेबल पर तत्काल पूरी प्राथमिकता के साथ किया जाता है। वही इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए रेलवे की ओर से दी गई आधिकारिक सूचना को देखा जा सकता है। रेल जन संवाद’ और विशेष ट्रेनों के परिचालन की पहल से त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुविधा बढ़ाने, उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और उसके समाधान के साथ रेल सेवाओं को अधिक सुगम बनाने की दिशा मे डीआरएम किरेंद्र नरह के कुशल मार्गदर्शन में कटिहार रेलमंडल हमेशा से अग्रसर रहा है।

Share this news

Leave a Comment