न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

किशनगंज में 6 वर्षीय बच्ची के साथ अधेड़ ने किया दुष्कर्म का प्रयास, आरोपी गिरफ्तार

सागर चंद्रा/ किशनगंज

छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ एक अधेड़ के द्वारा दुष्कर्म का प्रयास करने का मामला सामने आया है। मामला संज्ञान में आते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी अधेड़ को गिरफ्तार कर लिया है।

हालांकि बच्ची घटना के संबंध में पुलिस को स्पष्ट रूप से कुछ नहीं बता पा रही है। नतीजतन पुलिस फिलहाल मामले को दुष्कर्म का प्रयास मान रही है। घटना की पुष्टि के लिए पीड़ित बच्ची का सदर अस्पताल में मेडिकल जांच कराया जा रहा है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।


जानकारी के अनुसार पीड़ित बच्ची अपनी सहेलियों के साथ गांव में खेल रही थी। इसी दौरान टाउन थाना क्षेत्र के एक  गांव निवासी 50 वर्षीय मादरू सिंह उसके पास पहुंचा और बिस्किट देने के बहाने पीड़िता को बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। जहां उसने बच्ची के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। लेकिन बच्ची के द्वारा शोर मचाने पर मादरू भयभीत हो गया।

हैवान मादरू के चंगुल से निकलते ही पीड़ित बच्ची रोते बिलखते हुए अपने घर पहुंची और परिजनों को आरोपी के कुकृत्य की जानकारी दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन पीड़ित बच्ची को साथ लेकर घटना की शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे। लेकिन मादरू और उसके परिजनों ने दुर्व्यवहार कर उन्हें भगा दिया। नतीजतन परिजन इंसाफ की गुहार लगाने टाउन थाना पहुंच गए।

थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने फौरन महिला पदाधिकारी को बच्ची से पूछताछ करने का निर्देश दिया। जबकि पुलिस की एक टीम ने आरोपी को उसके घर से दबोच लिया और उसे थाने ले आई।


थानाध्यक्ष ने बताया कि पीड़ित बच्ची फिलहाल घटना की विस्तृत जानकारी देने में असमर्थ है। घटना को दुष्कर्म का प्रयास मान कर कार्रवाई की जा रही है। मेडिकल जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। दुष्कर्म की पुष्टि होने पर आगे की कार्रवाई की जायेगी।

Share this news

Leave a Comment