संवाददाता/किशनगंज
भाजपा के सेवा संकल्प अभियान को लेकर शनिवार को स्थानीय भाजपा जिला कार्यालय में कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाध्यक्ष गोपाल मोहन सिंह की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में बिहार सरकार के मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जयसवाल और भाजपा की प्रदेश मंत्री सीमा झा प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।
कार्यशाला की शुरुआत श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलित कर पुष्पांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद वंदे मातरम् गीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई।
मुख्य अतिथि मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जयसवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान पूरे बिहार में एक माह तक चलेगा। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक भाजपा कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाएंगे और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियान के तहत नुक्कड़ सभा, बैठक और विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर को जिले के प्रमुख स्थानों पर ‘आशीर्वाद का दीपक’ जलाया जाएगा।
13 कार्यक्रमों को लेकर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण
अभियान के तहत जिले में कुल 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। कार्यशाला में प्रोजेक्टर स्क्रीन के माध्यम से कार्यकर्ताओं को इन कार्यक्रमों की जानकारी और विशेष प्रशिक्षण दिया गया। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना और योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
प्रदेश मंत्री सीमा झा ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं से समर्पण भाव के साथ अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।
इस अवसर पर बिहार सरकार अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह, जिला प्रभारी राजकुमार राय, जिला उपाध्यक्ष शिशिर कुमार दास, हरिराम अग्रवाल, बिजली सिंह, कार्यक्रम प्रभारी ज्योति कुमार सोनू, जिला महामंत्री पंकज कुमार साहा, मनीष सिन्हा, कौशल झा, राजेश गुप्ता, कौशल यादव, अजीत दास, सुबोध माहेश्वरी, गौरव गुप्ता, सोनी देवी, लखवीर कोर, दुर्गा स्वर्णकार, लता मोदी, पुष्पांजलि देवी समेत कार्यशाला टोली के सदस्य, सभी मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा मोर्चा अध्यक्ष एवं महामंत्री मौजूद रहे।