सेंट्रल बैंक के समीप हुई वारदात, सीसीटीवी में कैद हुई घटना
पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच
मनिहारी /कटिहार – मनिहारी थाना क्षेत्र में सेंट्रल बैंक के समीप स्थित एक सर्राफा दुकान का शटर तोड़कर चोरों ने सोने-चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की वारदात देर रात अंजाम दिए जाने की बात सामने आ रही है। घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। जिसके आधार पर पुलिस चोरों की पहचान में जुटी है। पीड़ित दुकानदार सुशील ने बताया कि सुबह टहलने निकले उनके एक रिश्तेदार ने फोन कर दुकान का शटर टूटा होने की सूचना दी।
सूचना मिलते ही वह दुकान पहुंचे तो शटर टूटा हुआ मिला और दुकान में रखे सोने-चांदी के कुछ गहने गायब थे। चोरी गए सामानों और उनकी कीमत का आकलन किया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही मनिहारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद फोरेंसिक जांच दल ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पीड़ित दुकानदार की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और चोरी में शामिल अपराधियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। सर्राफा दुकान में हुई चोरी की घटना के बाद स्थानीय स्वर्ण व्यवसायियों में दहशत का माहौल है।
बैंक जैसे महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान के समीप चोरी की वारदात को लेकर व्यवसायियों ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।