डंडखोरा/कटिहार–प्रखंड क्षेत्र मे पंचायत तथा वार्डों के परिसीमन को लेकर प्रतिनियुक्त कर्मियों का एकदिवसीय कार्यशाला प्रखंड मुख्यालय में आयोजित किया गया। प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित कार्यशाला में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी संजीत कुमार, प्रखंड पंचायतराज पदाधिकारी दीपशिखा सहित सभी प्रतिनियुक्त कर्मी शामिल हुए। इस दौरान 2011 की जनगणना के आधार पर पंचायतों एवं वार्डों का नये सिरे से सीमा निर्धारण करने को लेकर मुख्य बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बीडीओ ने प्रतिनियुक्त कर्मियों को कहा कि परिसीमन का कार्य अतिसंवेदनशील तकनीकी कार्य है।इस काम में लापरवाही से काफी कुछ उलट-पलट हो जाने की संभावना बनी रहेगी।इसलिए थोड़ी सी भी चूक नहीं होनी चाहिए।उन्होंने कर्मियों को निर्देशित किया कि पूरी पारदर्शिता के साथ निर्धारित समयावधि में अपने आवंटित क्षेत्र स्थलीय सत्यापन कर स्पष्ट प्रतिवेदन प्रखंड कार्यालय को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करेंगे।
बीडीओ ने बताया कि परिसीमन का कार्य कार्य एक खास एप से किया जाना है।सभी गणना ब्लाक में 09 बिंदुओं पर चौहद्दी का निर्धारण ऑनलाइन किया जाना है।जिसमें चारो दिशा और कोण सहित मध्य बिंदु चिह्नित किया जाएगा। साथ ही विवाद रहित बनाने के लिए नहर,बांध,नदी आदि प्राकृतिक बनावटों को भी दर्शाया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस कार्य के लिए पंचायतवार राजस्वकर्मी, पंचायत सचिव,कचहरी सचिव, रोजगार सेवक, किसान सलाहकार,विकास मित्र, आवास सहायक एवं शिक्षा सेवकों की टीम बनाई गई है।