कम समय में गुणवत्तापूर्ण छिड़काव से पानी,श्रम और लागत की होती हैं बचत
मनसाही/कटिहार – प्रखंड क्षेत्र में कृषि विभाग के पौधा संरक्षण संभाग के अंतर्गत विभिन्न फसलों में चल रहे ड्रोन छिड़काव कार्य का सहायक निदेशक पौधा संरक्षण जय किशन कुमार ने मुआयना किया। उन्होंने विभिन्न खेतों में ड्रोन के माध्यम से किए जा रहे कीटनाशी एवं तरल उर्वरक के छिड़काव का जायजा लिया तथा ड्रोन सेवा प्रदाता को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सहायक निदेशक ने ड्रोन सेवा प्रदाता को विभागीय दिशा-निर्देशों एवं निर्धारित मानकों का पालन करते हुए छिड़काव करने तथा फसल के अनुसार रसायनों एवं तरल उर्वरकों की निर्धारित मात्रा में सही डोज का उपयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण एवं प्रभावी छिड़काव के लिए निर्धारित मात्रा और तकनीकी मानकों का पालन बेहद जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि ड्रोन तकनीक से कम समय में प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण छिड़काव किया जा सकता हैं । इससे पानी, श्रम और किसानों की लागत—तीनों की बचत होती हैं । आधुनिक तकनीक के उपयोग से किसानों को समय पर पौधा संरक्षण संबंधी कार्य पूरा करने में भी सुविधा मिलती हैं। इस अवसर पर किसानों को संबोधित करते हुए जय किशन कुमार ने कहा कि जिन किसान भाइयों ने अभी तक ड्रोन से छिड़काव के लिए आवेदन नहीं किए हैं,वे विभागीय प्रक्रिया के तहत आवेदन करें।
आवेदन करने के उपरांत नियमानुसार उनके खेतों में भी ड्रोन के माध्यम से छिड़काव कराया जाएगा। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक को अपनाने और विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की। इस दौरान कृषि क्लीनिक मनसाही के राहुल आनंद, किसान ललन कुमार,पंकज यादव,रामबली सहित दर्जनों किसान मौके पर मौजूद रहे और ड्रोन के माध्यम से फसलों में हो रहे छिड़काव का अवलोकन किया।