न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

कोशी क्षेत्रीय विकलांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति का 38 वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया

कटिहार -कोशी क्षेत्रीय विकलांग, विधवा, वृद्ध कल्याण समिति के 38 वें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन शनिवार को दिव्यांग कार्यालय सदर अस्पताल परिसर मे किया गया। अपने संवोधन में संस्था के शिवशंकर रमानी ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य दिव्यांगजनों के अधिकार, सम्मान, सशक्तिकरण एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए जागरूकता पैदा करना रहा। समारोह में दिव्यांगजनों के कल्याण एवं उनके हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिहार सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने दिव्यांगजनों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि दिव्यांगजनों को सम्मान,समान अवसर और आत्मनिर्भरता प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उनके द्वारा दिव्यांगजनों के बीच व्हीलचेयर, कान की मशीन, कमरबंद,वॉकर सहित अन्य आवश्यक सहायक उपकरणों का भी वितरण किया गया।

पूर्व उपमुख्यमंत्री ने संस्था के सचिव एवं बिहार राज्य सलाहकार बोर्ड सदस्य शिव शंकर रमानी द्वारा दिव्यांगजनों के हित में किए जा रहे निरंतर प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि श्री रमानी लंबे समय से दिव्यांगजनों की समस्याओं के समाधान, उनके अधिकारों और उन्हें आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।

विशिष्ट अतिथि सिविल सर्जन जितेंद्रनाथ सिंह ने दिव्यांगजनों के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सुविधाओं से जुड़े विषयों पर अपनी बात रखी तथा हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग से जुड़े चिकित्सकों एवं अन्य गणमान्य लोगों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में लोक अभियोजक कटिहार के जगदीश शाह ने कहा समारोह में संस्था के कार्यकर्ताओं एवं कार्यक्रम में आए हुए सभी महानुभावों के साथ दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य करने तथा उन्हें उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि महिला काउंसलर सदर अस्पताल डॉ .आभा कुमारी ने अपने संबोधन में दिव्यांगजनों के प्रति समाज में संवेदनशीलता और सम्मान की भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजन भी समाज का अभिन्न हिस्सा हैं और उन्हें समान अवसर एवं सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने संस्था द्वारा दिव्यांगजनों के हित में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के अंत में संस्था के सदस्य एवं बिहार राज्य सलाहकार बोर्ड, समाज कल्याण विभाग,बिहार सरकार के सदस्य शिव शंकर रमानी ने सभी अतिथियों, दिव्यांगजनों, समाजसेवियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Share this news

Leave a Comment