गया/मनोज कुमार
नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नारकोश के तहत गया में रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को बड़ी सफलता मिली है। RPF थाना गया की टीम ने कार्रवाई करते हुए 22 किलो 211 ग्राम गांजा बरामद किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 11 लाख 10 हजार 550 रुपये बताई गई है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव, थानाध्यक्ष शिव कुमार एवं निरीक्षक चंदन कुमार के निर्देशन में RPF की टीम ने कार्रवाई की। अभियान में RPF के जवानों के साथ रेलवे पुलिस के अधिकारी एवं जवान भी शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था। तस्करी के पीछे जुड़े लोगों की पहचान और पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी जांच की जा रही है।
रेलवे क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ RPF की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।