न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

एससीपी में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, टॉपर्स व प्रतिभागी सम्मानित

छठ, नारी शक्ति और भगत सिंह एक्ट की प्रस्तुतियों ने बांधा समां, विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

बिपुल विश्वास/फारबिसगंज

 इंडियन ऑयल कैंपस स्थित स्टूडेंट्स कैरियर प्लेटफॉर्म (एससीपी) में शुक्रवार को शिक्षक दिवस समारोह धूमधाम और उत्साह के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। समारोह में संस्थान के शिक्षकों व मैनेजमेंट स्टाफ के अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति एवं महान शिक्षाविद् डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद एससीपी के को-फाउंडर एवं डायरेक्टर सुमित बर्णवाल, दिव्यांशु कश्यप तथा मुख्य अतिथि एसडीएम, फारबिसगंज ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत उद्घाटन किया।

एससीपी के परिणामों की सराहना

मुख्य अतिथि एसडीएम, फारबिसगंज ने प्रतियोगी परीक्षाओं में एससीपी के विद्यार्थियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यक्ति के भविष्य को बेहतर बनाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों में छिपी प्रतिभा को मंच देने के साथ उनके आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया।

छठ और नारी शक्ति ने छोड़ी छाप

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने सोलो डांस, ग्रुप डांस, गायन, भाषण, फनी डांस और ड्रामा सहित कई प्रस्तुतियां दीं। बिहार की लोक संस्कृति पर आधारित छठ पूजा की प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया। विद्यार्थियों ने सूर्य उपासना, प्रकृति के प्रति आस्था और बिहार की पारंपरिक लोक संस्कृति को प्रभावी ढंग से मंच पर प्रस्तुत किया।

वहीं ‘नारी शक्ति’ पर आधारित प्रस्तुति के माध्यम से महिलाओं के संघर्ष, आत्मनिर्भरता और समाज में उनके योगदान को दर्शाया गया। प्रस्तुति में महिलाओं को समान अवसर और सम्मान देने का संदेश दिया गया।

‘भगत सिंह एक्ट’ बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत ‘भगत सिंह एक्ट’ रहा। अभिनय के माध्यम से विद्यार्थियों ने शहीद-ए-आजम भगत सिंह के साहस, देशभक्ति और देश के लिए उनके बलिदान को जीवंत कर दिया। प्रस्तुति ने दर्शकों को स्वतंत्रता संग्राम के दौर और राष्ट्र के लिए बलिदान देने वाले वीरों की याद दिला दी।

इसके अलावा बिहार के लोक नृत्य, ‘एक मुलाकात नेता के साथ’ समेत विभिन्न नृत्य एवं संगीत प्रस्तुतियों ने भी दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

री-नीट में 572 अंक लाने वाली मुस्कान सम्मानित

समारोह के दौरान एससीपी की वर्ष 2025 की टॉपर मुस्कान कुमारी को री-नीट परीक्षा में 572 अंक प्राप्त करने की उपलब्धि पर मुख्य अतिथि एसडीएम, फारबिसगंज ने सम्मानित किया। संस्थान की ओर से उनकी सफलता को गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

HPCL में चयनित एससीपी के पूर्व छात्र आदित्य भी सम्मानित

एससीपी के पूर्व छात्र आदित्य कुमार को महारत्न सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी एचपीसीएल (HPCL) में कंप्यूटर साइंस इंजीनियर के पद पर चयनित होने पर सम्मानित किया गया। आदित्य ने अपनी सफलता का श्रेय एससीपी के मार्गदर्शन, शिक्षकों के सहयोग और संस्थान में मिले बेहतर तैयारी के माहौल को दिया। उनकी सफलता ने वर्तमान विद्यार्थियों का भी उत्साह बढ़ाया।

मुख्य अतिथि को भी किया गया सम्मानित

मुस्कान कुमारी और आदित्य कुमार को सम्मानित करने के बाद एससीपी के को-फाउंडर एवं डायरेक्टर दिव्यांशु कश्यप और सुमित बर्णवाल ने मुख्य अतिथि एसडीएम, फारबिसगंज को शॉल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर संस्थान के शिक्षकों एवं मैनेजमेंट स्टाफ को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न सांस्कृतिक एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को मेडल और प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

‘शिक्षक मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी’

एससीपी के को-फाउंडर एवं डायरेक्टर सुमित बर्णवाल और दिव्यांशु कश्यप ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों को केवल ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि उनके मार्गदर्शक और प्रेरणास्रोत भी होते हैं। उन्होंने कहा कि एससीपी में पढ़ाई के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष जोर दिया जाता है। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम में शिक्षक संदीप कुमार सिंह, आर.पी. मौर्या, विजय प्रकाश कुशवाहा, हिमांशु ठाकुर, शैलेश कुमार सिंह, संतान कुमार, मनीष कुमार एवं पंकज कुमार समेत सहयोगी स्टाफ के मुन्ना कुमार, अमित कुमार, विकास, अभिषेक, दीपक, संतोष, सुबोध, सूरज, संजय सहित अन्य मौजूद रहे। समारोह में बड़ी संख्या में विद्यार्थी एवं दर्शक उपस्थित थे। देशभक्ति, बिहार की संस्कृति, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक संदेशों से सजी प्रस्तुतियों ने पूरे कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

Share this news

Leave a Comment