न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

दोगिरजा उच्च माध्यमिक विद्यालय में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस


भारत रत्न सर्वपल्ली -डॉ.राधाकृष्णन को किया याद.
विद्यालयों में उत्सवी माहौल

प्रतिनिधि/किशनगंज

जिले के दिघलबैंक प्रखंड के +2 उच्च माध्यमिक सह मध्य विद्यालय दोगिरजा में शिक्षक दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरे उत्साह,उमंग और श्रद्धा के साथ कार्यक्रम आयोजित कर देश के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ.सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद किया गया.कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय परिसर में डॉ. राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई. इस दौरान विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रधानाध्यापक मो. अबुल कासिम और जय प्रकाश दास ने कहा कि डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन का पूरा जीवन शिक्षा, ज्ञान और संस्कार को समर्पित रहा. वे एक महान शिक्षक, दार्शनिक, चिंतक और देश के दूसरे राष्ट्रपति रहे.उनका मानना था कि किसी भी राष्ट्र के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है. उनके जन्मदिन 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के रूप में मनाकर देश उनके योगदान और शिक्षकों के प्रति सम्मान की भावना को व्यक्त करता है.


विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं में विशेष उत्साह देखने को मिला. विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया. कई विद्यार्थियों ने कहा कि शिक्षक उनके जीवन को सही दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. शिक्षक केवल किताबों का ज्ञान नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार,नैतिकता, मेहनत और जिम्मेदारी का पाठ भी पढ़ाते हैं.

उनके मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने भविष्य के लक्ष्य को निर्धारित कर उसे प्राप्त करने की दिशा में आगे बढ़ते हैं.शिक्षकों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना भी है.विद्यार्थियों को अपने अंदर जिज्ञासा, आत्मविश्वास, अनुशासन और सकारात्मक सोच विकसित करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि शिक्षक और विद्यार्थी के बीच विश्वास एवं सम्मान का संबंध शिक्षा की सफलता का आधार है.


इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा. विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और उन्हें शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं.शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर मेहनत करने और अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदार रहने की प्रेरणा दी.


कार्यक्रम में विद्यालय परिवार के सदस्यों ने डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों और विचारों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया. वक्ताओं ने कहा कि एक अच्छे शिक्षक का प्रभाव केवल कक्षा तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वह विद्यार्थियों के व्यक्तित्व और भविष्य को आकार देता है. इसलिए शिक्षक समाज के वास्तविक निर्माता हैं.


कार्यक्रम के अंत में सभी शिक्षकों ने विद्यार्थियों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया.पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में खुशी, उत्साह और आपसी सम्मान का वातावरण बना रहा.इस अवसर पर शिक्षक मो.अबुल कासिम,जय प्रकाश दास,रामबाबू साह,संजीत कुमार,खुशबू कौशर,आकांक्षा उर्फ नेहा चंचल,प्रतिमा सिन्हा,गिरधारी प्रसाद दास,मो.मुश्ताक आलम,किरण कुमारी,निभा कुमारी,कौसर आलम,सुब्बा लाल सहित सभी शिक्षक,शिक्षिकाएं एवं छात्र,छात्राएं उपस्थित थे.

Share this news

Leave a Comment