गया/मनोज कुमार
अफसर प्रशिक्षण अकादमी (OTA), गया में शनिवार को शॉर्ट सर्विस कमीशन (टेक्निकल) पुरुष एवं महिला के चौथे बैच की पासिंग आउट परेड गरिमामय माहौल में आयोजित हुई। अनुशासन, जोश और देशभक्ति से ओत-प्रोत इस परेड में कुल 253 अफसर कैडेटों ने अंतिम पग पार कर भारतीय सेना में कमीशन प्राप्त किया।
इनमें SSC (टेक्निकल) पुरुष-65 के 218 और SSC (टेक्निकल) महिला-36 की 35 अफसर कैडेट शामिल रहीं। वियतनाम पीपुल्स आर्मी के जनरल स्टाफ के उप प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल Le Van Huong ने समीक्षा अफसर के रूप में परेड की सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया।
अकादमी अंडर अफसर पी. शशि कुमार को सर्वश्रेष्ठ ऑल राउंडर चुने जाने पर प्रतिष्ठित स्वॉर्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। उन्होंने Overall Order of Merit में पहला स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक जीता और गोरखा राइफल्स में कमीशन प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर रहे दीपक सिंह रावत को राजपूत रेजिमेंट, जबकि तीसरे स्थान पर रहे नवनीत सिंह को पैरा स्पेशल फोर्सेस में कमीशन मिला।
इस दौरान पिपिंग समारोह में परिवारों की आंखें खुशी और गर्व से नम दिखीं। कंधों पर चमकते सितारों के साथ 253 युवा अधिकारियों ने राष्ट्रसेवा के नए सफर की शुरुआत की।
रिपोर्ट – – मनोज कुमार
गया