न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

मनिहारी नगर पंचायत में गंदे पानी के पुनः शुद्धिकरण व्यवस्था का अभाव

कई इलाकों में बना जलजमाव

मनिहारी /कटिहार – मनिहारी नगर पंचायत क्षेत्र में प्रतिदिन सैकड़ों गैलन घरों से निकलने वाले गंदे पानी के पुनः शुद्धिकरण की समुचित व्यवस्था नहीं होने से नगर के विभिन्न वार्डों में जलजमाव की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। स्थिति यह है कि कई मोहल्लों में गंदा पानी झीलनुमा रूप लेकर लंबे समय तक जमा रहता है।

जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन सहित स्वच्छ वातावरण बनाए रखने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर के अधिकांश हिस्सों में घरेलू नालियों का गंदा पानी खुले नालों एवं निचले क्षेत्रों में जमा हो जाता है।

बरसात के दिनों में यह समस्या और विकराल हो जाती है, क्योंकि वर्षा के अतिरिक्त जल के साथ जमा गंदा पानी बहकर आसपास की नदी में पहुंच जाता है। इससे नदी के जल की स्वच्छता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका जताई जा रही है। लोगों का कहना है कि सरकार द्वारा नदियों एवं जलस्रोतों को निर्मल और स्वच्छ बनाए रखने के उद्देश्य से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं, लेकिन मनिहारी नगर पंचायत में अपशिष्ट जल के उपचार एवं पुनः शुद्धिकरण की व्यवस्था नहीं होने से इन उद्देश्यों की प्रभावशीलता प्रभावित हो रही है।

यदि घरेलू गंदे पानी को सीधे नदी में जाने से पहले शुद्ध किया जाए तो जल प्रदूषण में काफी कमी लाई जा सकती है।नगरवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि शीघ्र ही वैज्ञानिक आधार पर अपशिष्ट जल शोधन सीवेज ट्रीटमेंट की व्यवस्था विकसित की जाए, नालियों की समुचित सफाई कर जलनिकासी को दुरुस्त किया जाए तथा जलजमाव वाले क्षेत्रों की स्थायी समस्या का समाधान किया जाए।

नागरिकों का मानना है कि समय रहते ठोस पहल नहीं हुई तो बरसात के मौसम में यह समस्या और गंभीर रूप ले सकती है तथा पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य दोनों के लिए चुनौती बनी रहेगी।

Share this news

Leave a Comment