दोनों के विरुद्ध पूर्व से दर्ज हैं आर्म्स व एनडीपीएस के मामले
कुरसेला /कटिहार – दवा कारोबारी से रंगदारी मांगने और दुकान में घुसकर मारपीट कर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में कुरसेला पावर हाउस रोड निवासी रंजीत यादव पिता शत्रुघ्न यादव और भदैया टोला निवासी मुकेश मंडल उर्फ बमभोला मंडल पिता सुबोध मंडल वर्तमान निवासी कुरसेला बस्ती शामिल हैं।
दोनों को न्यायालय में प्रस्तुत कराया गया। जहां से उन्हें हिरासत में भेज दिया गया। जानकारी हो कि बुधवार की शाम कुरसेला के नया चौक स्थित बजरंगबली मंदिर के पीछे दवा कारोबारी घनश्याम चौधरी की दुकान पर आधा दर्जन बदमाशों ने धावा बोलकर मारपीट की थी। आरोप है कि बदमाशों ने कारोबारी से हर माह 50 हजार रुपये रंगदारी की मांग की थी। रंगदारी नहीं देने पर बदमाश दुकान पर पहुंचे और चार-पांच लोगों ने कारोबारी के साथ मारपीट की। घटना के बाद दुकान में रखे रुपये लेकर बदमाश फरार हो गए थे।
पीड़ित कारोबारी के आवेदन पर पुलिस ने बीएनएस की धारा 109 जानलेवा हमला करने के प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने घटना की जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज की। जिसके बाद रंजीत यादव और मुकेश मंडल को गिरफ्तार कर लिया गया।
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि दवा कारोबारी से मारपीट के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपितों का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है। इनके खिलाफ पहले से आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट के तहत कुरसेला थाना में मामला दर्ज है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले में साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।