न्यूज लेमनचूस

Follow Us:

न्यूज लेमनचूस

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर संजय गांधी मैदान में हुआ नारियल खेल, युवाओं ने दिखाया उत्साह

कृष्ण-राधा के रूप में पहुंचे नन्हे-मुन्ने, मुखिया प्रतिनिधि समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग रहे मौजूद

मुरलीधर झा/दिघलबैंक

श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी शुक्रवार को संजय गांधी मैदान, दिघलबैंक में पारंपरिक नारियल खेल का आयोजन धूमधाम एवं उत्साह के साथ किया गया। आयोजन को लेकर स्थानीय लोगों, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। क्षेत्र के विभिन्न गांवों एवं बाजारों से बड़ी संख्या में नवयुवक इस पारंपरिक खेल में शामिल होने पहुंचे।


नारियल खेल के दौरान युवाओं ने अपनी शारीरिक क्षमता, संतुलन और साहस का प्रदर्शन किया। आयोजन में एक बांस को घी और सिंदूर से लेपित कर उसे चुनौतीपूर्ण बनाया गया। बांस के ऊपरी हिस्से में कलश रखा गया था, जिसे प्रतिभागियों को ऊपर चढ़कर उतारना था।

इस दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और पूरा वातावरण जयकारों एवं तालियों से गूंजता रहा।


आयोजन की एक खास झलक उस समय देखने को मिली, जब छोटे-छोटे बच्चे कृष्ण और राधा के मनमोहक रूप में सजकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। बच्चों की आकर्षक वेशभूषा ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। जन्माष्टमी के धार्मिक उत्साह के साथ बच्चों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और भी मनोरम बना दिया।


कार्यक्रम में मुखिया प्रतिनिधि सहित क्षेत्र के कई गणमान्य एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। उन्होंने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के पारंपरिक आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपरा और लोक खेलों से जुड़ने का अवसर मिलता है।


आयोजन को सफल बनाने में मुखिया प्रतिनिधि गणेश कुमार सिंह,रमेश महतो, मनिया कामती, अवधेश रॉय, गजेंद्र कमती, सोनदेव, दीपक कमती, धनी कामती, पप्पू शर्मा, करण साहनी, पंकज ठाकुर, किशन ठाकुर सहित कई स्थानीय लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों एवं स्थानीय युवाओं ने मिलकर कार्यक्रम को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया।


जन्माष्टमी के मौके पर आयोजित इस पारंपरिक नारियल खेल ने जहां युवाओं में उत्साह और उमंग भर दी, वहीं कृष्ण-राधा के रूप में पहुंचे बच्चों ने धार्मिक एवं सांस्कृतिक माहौल को और भी खूबसूरत बना दिया। स्थानीय लोगों ने ऐसे आयोजनों को क्षेत्र की लोक परंपरा और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक बताते हुए भविष्य में भी जारी रखने की बात कही।

Share this news

Leave a Comment